संभल: आठ घंटे के भीतर बच्ची समेत दो से दुष्कर्म, पुलिस ने मामला रफा दफा करने का प्रयास
बच्ची से मकान मालिक के बेटे ने और युवती से चचेरे तहेरे भाइयों ने किया मुंह काला, पुलिस ने बच्ची से दुष्कर्म का मामला किया दर्ज
संभल, अमृत विचार। नखासा थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही महिला की सात साल की मासूम बच्ची के साथ रात को मकान मालिक के बेटे ने दुष्कर्म किया। वहीं इसी थाना क्षेत्र के गांव में कूड़ा डालकर लौट रही युवती को चचेरे तहेरे भाइयों ने घर में खींचकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने बच्ची से दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया जबकि युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना से अंजान बन रही है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला का पति बाहर रहकर सर्कस में मौत के कुएं में बाइक चलाता है। महिला गांव में ही चार बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती है। महिला भीख मांग कर अपने चार बच्चों का पालन पोषण कर रही है। सोमवार की रात महिला की सात वर्षीय बेटी मां के पास अलग चारपाई पर सो रही थी। आरोप है कि पास में ही पशुओं के पास सो रहे मकान मालिक के बेटे ने रात एक बजे आकर बच्ची को दबोच लिया।
शोर मचाने की कोशिश की तो युवक ने बच्ची का हाथ से मुंह दबा लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के दर्द से कराहने पर मां की आंख खुल गई। पूछने पर बच्ची ने मां को सारी बात बताई। मंगलवार की सुबह मां बच्ची को लेकर थाना नखासा पहुंची और मकान मालिक के बेटे के खिलाफ तहरीर दी। मामला दर्ज कर पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
युवती को घर में खींचकर दो भाइयों ने किया दुष्कर्म
संभल। नखासा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की दूसरी वारदात में सुबह को कूड़ा डालकर घर लौट रही युवती को अपने घर में खींचकर चचेरे तहेरे भाईयों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पिता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी मगर पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
युवती के पिता का कहना है कि उसकी 17 साल की बेटी मंगलवार की सुबह आठ बजे कूड़ा डालकर वापस अपने घर आ रही थी। इसी दौरान घात लगाये खड़े गांव के ही चचेरे तहेरे भाइयों ने उसे घर में खींच लिया। दोनों ने युवती से दुष्कर्म किया। साथ ही किसी से जिक्र करने पर जान से मार देने की धमकी दी। रोते बिलखते युवती ने घर पहुंचकर मां को सारी बात बताई। जिसके बाद परिजन युवती को लेकर थाने पहुंचे। पिता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि युवती के साथ दुष्कर्म की घटना के बारे में सूचना नहीं मिली है। वहीं बच्ची का मेडिकल कराया गया है और आरोपी जाने आलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
तीस हजार में मामला निपटाने का किया प्रयास
संभल। नखासा थाना क्षेत्र के गांव में मकान मालिक के बेटे जाने आलम ने किराए पर रह रही महिला की सात वर्षीय बच्ची के साथ सोमवार की देर रात दुष्कर्म किया तो बेटी को लेकर महिला बच्ची को लेकर रात में ही थाने जाने लगी। आरोप है कि मकान मालिक के बड़े बेटे ने महिला को रोक लिया और बच्ची के दुष्कर्म की कीमत तीस हजार रुपए लगाकर मामले को रफा दफा करने की कोशिश की। लेकिन महिला पुलिस कार्रवाई करने की जिद पर अड़ी रही। मंगलवार की सुबह महिला बेटी को लेकर थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : पॉक्सो एक्ट में निरुद्ध को छुड़ाने के लिए मां-बेटी को धमकाया, रिपोर्ट
