नैनीताल: मेट्रोपोल में बनेगी स्मार्ट पार्किंग, 19 करोड़ का प्रस्ताव तैयार
नैनीताल, अमृत विचार। नगर में उचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से अक्सर पर्यटकों व स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासतौर पर सीजन के दौरान सैलानियों को नैनीताल में पार्किंग को लेकर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
प्रशासन द्वारा सीजन के दौरान सैलानियों की गाड़ियों को ऋषि बाईपास पर पार्क कर दिया जाता है। जहां से उन्हें शटल के माध्यम से नगर में प्रवेश दिया जाता है, लेकिन ऐसे में अधिकांश सैलानी नैनीताल आने के बजाय भीमताल,मुक्तेश्वर,रानीखेत आदि जगह जाने लग गए हैं जिससे स्थानीय व्यापारी काफी नाराज दिखाई देते हैं।लेकिन अब पार्किंग स्थलों के निर्माण को लेकर प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है।
बीते जुलाई माह में हाईकोर्ट के निर्देश के बाद मेट्रोपोल से अवैध निर्माण को हटाया गया था। जिससे लगभग तीन हेक्टेयर भूमि खाली हो गई थी जिसके बाद यहां पर पार्किंग स्थल बनाने को लेकर जिलाधिकारी वंदना ने लोनिवि को पार्किंग स्थल का डिज़ाइन व डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए थे। और लोग निर्माण विभाग द्वारा मेट्रोपोल स्थल का निरीक्षण कर व डीपीआर तैयार करने के बाद शासन को भेज दी गई है।
मेट्रोपोल के पास 2.67 हेक्टेयर ज़मीन में 500 चार पहिया और 200 दो पहिया वाहनों के लिए स्मार्ट पार्किंग बनाई जायेगी।जो पुरी तरह कैशलेस रहेगी। कोई भी व्यक्ति कहीं से भी ऑनलाइन बुकिंग करवा सकता है। पार्किंग के बाहर एंट्री गेट पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। चीना बाबा के पास से 200 मीटर की नई सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे पार्किंग स्थल तक पहुंचा जाएगा।
वाहनों का आवागमन और निकासी नए मार्ग में किया जाएगा। जिससे पर्यटकों की गाड़ियां शहर के भीतर प्रवेश नहीं कर पाएंगे और शहर में जाम से निजात मिलेगी। इन सभी कार्यों के लिए लोनिवि ने 19 करोड़ का प्रस्ताव और पार्किंग की डिज़ाइन तैयार कर लिया है।
रत्नेश सक्सेना अधिशासी अभियंता लोनिवि
