हल्द्वानी: आफत की बरसात, पहाड़ दरके, बंद हुए कई रास्ते
हल्द्वानी, अमृत विचार। लगातार शनिवार से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश से जहां गौला नदी का जलस्तर 14 हजार क्यूसेक के पार पहुंच गया है। वहीं रकसिया, कलसिया समेत शेर नाला भी उफान पर आ गए हैं। जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में मलबा आने से 14 सड़कें बंद हो गई हैं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो चुका है। अगले 4 दिन भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन व पुलिस अलर्ट मोड पर हैं।
शनिवार की देर रात शुरू हुई मूसलाधार बारिश रविवार को भी जारी रही। लगातार बारिश से शहर के कालाढूंगी रोड, बरेली रोड, रामपुर रोड, तिकोनिया चौराहा, रोडवेज स्टेशन, देवलचौड़ चौराहा, बनभूलपुरा आदि स्थानों पर जलभराव की स्थिति रही। जिस कारण दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार शनिवार सांय 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक 24 घंटे में जिले में 60.7 एमएम बारिश रिकार्ड हुई है। इसमें नैनीताल में 120 तथा हल्द्वानी में 82 एमएम बारिश हुई। जबकि रविवार सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक 60 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। कुल 32 घंटे में हल्द्वानी में 142 एमएम पानी बरसा है।
बारिश से रविवार को गौला नदी का जलस्तर 14248, कोसी का 7952 तथा नंधौर का 2418 क्यूसेक पहुंच गया है। वहीं मलबा आने के कारण जिले में एक राज्य मार्ग, एक प्रमुख जिला मार्ग समेत 12 ग्रामीण मार्ग बाधित हैं। जिन्हें जेसीबी की मदद से खोलने का काम चल रहा है।
जिले में ये मार्ग हुए बंद हुए
हल्द्वानी : भंडारपानी-तल्लीसेठी-बेतालघाट, भुजान-गर्जिया-बेतालघाट, पटोडी-जोशीखोला-हल्दयानी, मौरानौला-भीड़ापानी-थली मोटर मार्ग, सुनकोट मोटर मार्ग, ढोलीगांव-कैड़ागांव, देवीपुरा सौड़-बाधनी मोटर मार्ग, ओखलकांडा तल्ला-कनाला मोटर मार्ग, सलियाकोट-अनर्पा मोटर मार्ग, भंडारपानी-पाटकोट, सरना-शेरूवाकानाला, मटियाल-कर्नखा, बजून-अक्सू मोटर मार्ग, मल्यूटी मोटर मार्ग आदि।
