आपदा के दो माह बाद प्रियंका गांधी को आई हिमाचल की याद : भाजपा

आपदा के दो माह बाद प्रियंका गांधी को आई हिमाचल की याद : भाजपा

शिमला। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने तंज कसा है कि आपदा के दो माह बीत चुके हैं और अब प्रदेश में जनजीवन भी सामान्य हो रहा है लेकिन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को अब हिमाचल की याद आई है।

ये भी पढ़ें - कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- महंगाई से पीड़ित 47 फीसदी लोगों ने लौटाई जीवन बीमा पालिसी

भाजपा के प्रवक्ता अजय राणा ने मंगलवार को यहां कहा कि प्रियंका वाड्रा को उसके बाद भी हिमाचल प्रदेश में आपदा के बाद क्या-क्या कार्य हुआ है, इसकी भी उन्हें कोई जानकारी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे में श्रीमती प्रियंका गांधी को पहले हिमाचल प्रदेश के बारे में सही जानकारी लेनी चाहिए थी, उसके बाद यहां पर बयान जारी करना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि आपदा के तुरंत बाद केंद्र सरकार द्वारा हजारों करोड़ रुपए की राशि प्रदेश को दी गई। उसी राशि की वजह से आज प्रदेश में सड़कों की हालत सुधरी है और प्रभावित परिवारों को भी राहत मिली है। लेकिन शायद प्रियंका गांधी को इस बात की बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी और न ही प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने उन्हें इस बात से अवगत करवाया।

राणा ने कहा कि चुनावों के समय कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश की महिलाओं व युवाओं से कई गारंटियों के नाम पर कई वादे किए, लेकिन आज तक एक भी गारंटी पूरी नहीं हो पाई। जिससे आज प्रदेश की महिलाएं व युवा ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। गौरतलब है कि श्रीमती प्रियंका गांधी आज हिमाचल के दौरे पर हैं। 

ये भी पढ़ें - आशा वर्कर्स यूनियन का संघर्ष जारी, घेरा सांसद सुनीता दुग्गल का आवास