लखनऊ: पारा से राजाजीपुरम जाना होगा आसान, 175.73 करोड़ से बनेगा रेल ओवर ब्रिज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ के पारा,राजाजीपुरम,जलालपुर,लक्ष्मण विहार के 3 लाख की आबादी वाले निवासियों के लिए अच्छी व राहत वाली खबर है। आने वाले वर्षों में यहां के निवासियों का आवागमन सुगम होगा । पारा से जलालपुर रेलवे फाटक होते हुये राजाजीपुरम जाना आसान होगा।

रेल मंत्रालय ने लक्ष्मण विहार पारा रोड पर किमी 17.372 पर रेलवे क्रासिंग संख्या 8 स्पेशल 2/टी पर दो लेन का रेल उपरिगामी सेतु निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसकी कुल लागत 175.73 करोड़ होगी और इसकी लम्बाई 859.16 मीटर है।

उल्लेखनीय है कि राजाजीपुरम से पारा आने-जाने वाले हजारों वाहनों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है । अब नया रेल ओवरब्रिज बनने से अत्यधिक सुविधा होगी। क्योंकि इस रेल क्रासिंग से लखनऊ-मुरादाबाद रूट और आलमनगर-उतरेठिया रूट, पर ट्रेनों का संचालन होता है। ट्रेनों का आवागमन अत्यधिक होने के कारण यह रेलवे क्रासिंग प्रायः बन्द रहती है।

अब नये रेल उपरिगामी सेतु का बनने से जहां स्थानीय निवासियों, छात्र-छात्राओं को जाम की समस्या से निजात मिल जायेगी वहीं प्रदूषण में कमी, अर्थव्यवस्था को बढ़ावा, समय और ईंधन की बचत होगी इससे 3 लाख की आबादी लाभान्वित होगी। इसका निर्माण रेल मंत्रालय और उत्तर प्रदेश सरकार की 50-50 सहभागिता से किया जा रहा है। सहभागिता के लिए राज्य सरकार की सहमति भी प्राप्त हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने दशकों से लम्बित इस प्रस्ताव का तकनीकि हल निकालते हुए उत्तर रेलवे और राज्य सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया गया था जिसे रेल मंत्रालय भारत सरकार ने 11 सितंबर को उत्तर रेलवे के सप्लीमेन्ट्र अम्ब्रेरेला योजना के तहत स्वीकृत किया है।

यह भी पढ़ें:-UP Cabinet Meeting: यूपी में मूल्य समर्थन योजना के तहत धान खरीद नीति को मिली मंजूरी

संबंधित समाचार