हादसे में चार की मौत: हर तरफ दिखा खून, एक झटके में सब कुछ तबाह, मानवता हुई शर्मसार, लोग बनाते रहे वीडियो, घायल तड़पते रहे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के बिधनू में सड़क हादसे में चार की मौत।

कानपुर के बिधनू थानाक्षेत्र में सड़क हादसे में चार की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। चारों तरफ खून ही खून पड़ा देख परिजनों के आंसों बहते रहे।

कानपुर, अमृत विचार। पुलिस ने सूचना दी कि तुम्हारे परिजनों का अफजलपुर गांव मोड़ पर एक्सीडेंट हो गया है आ जाओ। फोन कटने के आधे घंटे के भीतर रुकसाना मौके पर पहुंची तो देखा सड़क किनारे सिर्फ एक डंपर खड़ा है और चारों तरफ खून ही खून पड़ा था। पिकअप के परखच्चे उड़ चुके थे, जिससे उसमे सवार लोगों के हालात का अंदाजा लगाया जा सकता था।

राहगीरों से पता चला तो मालूम हुआ कि घायलों को बिधनू सीएचसी में भिजवाया गया है। रुकसाना बिधनू सीएचसी पहुंची जहां पर उन्हें जानकारी हुई कि हादसे में उनके पिता 55 वर्षीय सादीक, 45 वर्षीय मां सहनाज, 42 वर्षीय मौसी हाजरा व रिशेतदार 4 वर्षीय गोलू पुत्री तौफीक की मौत हो गई है। हादसे में पिकअप सवार 27 वर्षीय शिव देवी, 34 वर्षीय मो अनीश, 27 वर्षीय नसरुद्दीन, 44 वर्षीय कुदरत, 27 वर्षीय फुकरान, 23 वर्षीय मुस्तकीम, 27 वर्षीय सद्दाम, डेढ़ वर्षीय शिफा, समेत एक अज्ञात घायलों को हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।

मृतकों में शामिल घाटमपुर के भदरस गांव निवासी सादिक व शहनाज रुकसाना के माता पिता थे। रुकसाना ने बताया कि बीमार बहन को देखने के लिए मौसी हाजरा, बच्ची गोलू समेत 11 लोग बुधवार सुबह निकले थे। मछरिया स्थित अस्पताल से वापसी के दौरान परिजनों की रुकसाना से बात हुई थी, परिजनों ने पिकअप से शाम तक घर आने की बात कही थी। 

क्या सोचा था कि आखिरी बार बात कर रहे

रुकसाना ने बताया कि आखिरी बार मां शहनाज से बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि शाम तक पहुंच जाएंगे। इसके बाद शाम साढ़े चार बजे पुलिस का फोन आया। मौके पर पहुंचे तो देखा कि अफसाना की छोटी बेटी शिफा पुलिस की गोद में है, बाकी लोग दिखाई नहीं दे रहे थे। पुलिसकर्मियों से पूछा तो उन्होंने बताया कि सभी घायलों को हैलट भेजा गया है। 

अफसाना को नहीं पता बेटी व मां नहीं रही

अफसाना का पित्त की थैली का ऑपरेशन हुआ है, जिसे अभी तक हादसे की जानकारी नहीं दी गई है। अफसाना के आपरेशन के दौरान उसकी बेटी गोलू मां शहनाज के पास थी। हादसे में उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में मौजूद परिजनों ने हादसे की जानकारी अफसाना को नहीं दी। परिजनों ने बताया कि परिजनों में हलचल होने से अफसाना को अनहोनी की शक हो गया है। वह बार-बार घरवालों से पूछ रही है कि तुम लोग कोई बात जरूर छिपा रहे हो। 

हाईवे पर डिवाइडर बनवाने की मांग की थी

बीते दिनों बिधनू थानाक्षेत्र के शंभुआ में स्कूल जा रहे भाई-बहन को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया था। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रख कर मुआवजे व डिवाइडर बनाए जाने की मांग की थी। मौके पर पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु गुप्ता और घाटमपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला ने एनएचआई के अधिकारियों को पत्र लिखकर कानपुर-सागर हाईवे पर नौबस्ता से लेकर हमीरपुर तक बीच सड़क में डिवाइडर बनवाने की मांग की थी, जिससे आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए, लेकिन डिवाइडर नहीं बनवाया गया। घाटमपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया की उन्होंने फोन करके डिवाइडर बनवाने के लिए बुधवार को फिर से कहा है। 

डंपर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पीट कर पुलिस को सौंपा

हादसे के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। जिससे पिकअप में सवार सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुछ सवारियां तो उछलकर हाईवे पर जा गिरीं। गनीमत रही की इस दौरान कोई वाहन नहीं आया, नही तो बड़ी घटना हो सकती थी। घटना के बाद चालक डंपर लेकर लगभग एक किलोमीटर भागा, लेकिन राहगीरों ने उन्हें डंपर चालक का पीछा करके थाना क्षेत्र के तेजीपुरवा के पास पकड़कर पीटने के बाद बिधनू पुलिस को सौंप दिया। बिधनू थानाध्यक्ष सतीश चंद्र राठौर ने बताया की शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डंपर को पकड़ लिया गया है। 

मानवता हुई शर्मसार, राहगीर बनाते रहे वीडियो

सड़क हादसे में मानवता एक बार फिर शर्मसार हो गई। पिकअप और डंपर की सीधी टक्कर के बाद पिकअप खाई में चला गया और सवारियां हाईवे पर गिर गईं। घटना के दौरान मौके से गुजर रहे राहगीर घायलों की मदद करने के बजाए घटना के वीडियों बनाते नजर आए। किसी ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने की जहमत तक नहीं उठाई। 

हैलट छावनी में किया गया तब्दील

दर्दनाक हादसे के बाद हैलट को छावनी में तब्दील कर दिया गया। अस्पताल पहुंचे पुलिस के आलाधिकारियों ने डाक्टरों से घायलों के स्थिति पूछी। इसके बाद हंगामें की आशंका को लेकर स्वरूप नगर, बाबूपुरवा, नौबस्ता, बिधनू समेत कई थानों की पुलिस बल की तैनाती अस्पताल में की गई।

सूचना मिलते दस मिनट में पहुंची पीआरवी

सड़क हादसे की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पर दी। घटना की इवेंट आईडी पीआरवी 0424 को मिली। जानकारी मिलते पीआरवी कर्मियो ने थाना बिधनू में घटना की सूचना दी और महज दस मिनट में मौके पर पहुंचे। गाड़ी से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

डीसीपी साउथ समेत अधिकारी पहुंचे बिधनू सीएचसी

घटना की जानकारी मिलते ही कानपुर डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार सर्किल फोर्स के साथ बिधनू सीएचसी  पहुंचे। यहां पर मौजूद एडीसीपी अंकिता शर्मा व घाटमपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला से उन्होंने घटना की जानकारी ली। जिसके बाद बिधनू सीएचसी से सभी घायलों को पुलिस कानपुर के हैलट अस्पताल ले गई। डीसीपी साउथ ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार