नैनीताल: स्वास्थ्य विभाग की भूमि से हटाया गया अतिक्रमण, फूट-फूट कर रोईं महिलाएं
नैनीताल, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण पर जिला प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। गुरुवार को दल बल के साथ मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों से खुद अपने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद लोगों ने अपने घरों को खुद तोड़ना शुरू किया।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि वह करीब 40 सालों से इस जमीन पर रह रहे हैं। जिसका उनके पास मालिकाना अधिकार है उसके बावजूद भी उन्हें जमीन से बेदखल किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग जिस भूमि को अपनी बता रहा है वहां सैकड़ों घर बनने तक स्वास्थ्य विभाग ने आज तक भूमि पर अपना दावा पेश नहीं किया। ना ही क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्य रुकवाने को लेकर कभी कार्रवाई की। अब क्षेत्र में सैकड़ों परिवार अपने घर बनाकर रहने लगे हैं उसके बाद स्वास्थ्य विभाग अचानक जमीन को अपना बताते हुए अतिक्रमण के नाम पर घरों और जमीन को खाली करने का नोटिस देते हुए उन पर कार्रवाई कर रहा है जो गलत है। इधर इस कार्रवाई के दौरान महिलाएं अपने आंसू नहीं रोक पाई और फूट-फूट कर रोने लगीं, लोग अपने आशियानों को उजड़ता देख सहमे से नजर आए।
स्वास्थ्य विभाग की भूमि पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित किया गया है, स्थानीय लोगों ने अपने अतिक्रमण को हटाना भी शुरू कर दिया है। प्रथम चरण में स्थानीय लोगों से खुद अपना निर्माण हटाने को कहा है। 16 सितंबर से प्रशासन बलपूर्वक अतिक्रमण हटाएगा।
- प्रमोद कुमार, एसडीएम नैनीताल
