बरेली: अक्टूबर में शुरू होगा सिटी श्मशान भूमि अंडरपास का कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सिटी श्मशान रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास का का निर्माण इज्जतनगर रेल मंडल के अधिकारी शुरू करने की तैयारी में हैं। अधिकारियों के मुताबिक अक्टूबर में अंडरपास का काम शुरू कर दिया जाएगा। लंबे समय से की जा रही यह मांग अब पूरी हो जाएगी। बिना रुके यहां क्रासिंग के नीचे अंडरपास से वाहन गुजर सकेंगे।

बीते दिनों रेलवे बोर्ड ने 20.26 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर दिया था। करीब 250 मीटर से ज्यादा लंबे अंडरपास का नक्शा पूर्व में ही पास हो चुका है। चूंकि यह अंडरपास उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की रेल लाइनों की नीचे बनना है। दो क्रासिंग होने के कारण अधिक संख्या में सेगमेंट बॉक्स रखे जाएंगे। लिहाजा बजट की रकम भी अधिक है।

शुरुआती चरण में ब्लॉक लेकर सेगमेंट बॉक्स रखने का कार्य किया जाएगा। क्रासिंग बंद होने से जाम की स्थिति पैदा जाती है। सबसे अधिक दिक्कत श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आने वालों को होती है। क्रासिंग बंद होने के कारण शव के साथ लोगों को इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में अंडरपास बनने से अंतिम संस्कार को आने वाले लोगों तो राहत मिलेगी, साथ ही यहां लगने वाले जाम से भी निजात मिल जाएगी।

चौधरी तालाब अंडरपास का भी जल्द शुरू होगा कार्य
चौधरी तालाब स्थित रेलवे क्रासिंग पर भी अंडरपास बनाने के लिए बीते दिनों बजट को मंजूरी मिल गई थी। यहां भी बारिश के बाद कार्य शुरू करने की बात रेल अधिकारियों ने कही थी। ऐसे में माना जा रहा है कि सिटी श्मशान भूमि के साथ-साथ चौधरी तालाब पर भी अंडर पास का कार्य शुरू हो जाएगा। इससे बनखाना, गुलाबराय, कोहाड़ापीर, सुर्खा, चौधरी तालाब, हार्टमैन, सिद्धार्थनगर, अशरफ खां छावनी, शास्त्री नगर, न्यू आजादपुरम, गांधीपुरम, बड़ाबाग जैसे इलाकों के लोगों को राहत मिलेगी। यह अंडरपास तीन करोड़ की लागत से तैयार किया जाएगा।

ये भी पढे़ं- बरेली: लापरवाही पर प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, शिक्षामित्रों को चेतावनी

 

 

संबंधित समाचार