रघुवंश प्रसाद के निधन पर राष्ट्रपति कोविंद समेत कई नेताओं ने जताया शोक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार की राजनीति के महारथी रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर रविवार को गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने संतों जैसा सादा जीवन व्यतीत कर सार्वजनिक जीवन को विशेष गरिमा प्रदान की। सिंह का रविवार सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ( एम्स) …

नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार की राजनीति के महारथी रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर रविवार को गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने संतों जैसा सादा जीवन व्यतीत कर सार्वजनिक जीवन को विशेष गरिमा प्रदान की।

सिंह का रविवार सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ( एम्स) में निधन हो गया। कोविंद ने रघुवंश प्रसाद के निधन पर शोक संदेश में कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन का समाचार दुखद है।

जमीन‌ से जुड़े व ग्रामीण भारत की असाधारण समझ रखने वाले रघुवंश का कद बहुत ऊंचा था। अपने संतों जैसे सादा जीवन से उन्होंने सार्वजनिक जीवन को विशेष गरिमा प्रदान की। उनके परिवार, समर्थकों व प्रशंसकों को मेरी शोक-संवेदनाएं!

कमजोर वर्गों के लिए आजीवन संघर्ष किया रघुवंश बाबू ने: राजनाथ
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है और कहा है कि उन्होंने आजीवन कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। राजनाथ सिंह ने अपने ट्विट संदेश में कहा है कि रघुवंश प्रसाद सिंह बिहार के उन क़द्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने समाज के पिछड़े और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। वे एक प्रबुद्ध एवं संवेदनशील व्यक्ति थे। उनके निधन का मुझे दुःख है।उनके परिवार एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनायें।ओम् शांति!

शाह ने रघुवंश बाबू के निधन पर शोक प्रकट किया
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा है कि गरीबों के कल्याण के प्रति उनका समर्पण सैदव याद किया जायेगा। शाह ने कहा कि बिहार के वरिष्ठ राजनेता रघुवंश बाबू के निधन की सूचना से अत्यंत दुःख हुआ। उनका पूरा जीवन लोहिया और कर्पूरी ठाकुर के विचारों के प्रति समर्पित रहा। गरीब व वंचित वर्ग के कल्याण के लिए उनका समर्पण सदैव याद किया जायेगा। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ॐ शांति

प्रियंका और अखिलेश ने दी रघुवंश को श्रद्धाजंलि
लखनऊ। ग्रामीण भारत की राजनीति के पुरोधा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कद्दावर नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दुख व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की है। सपा अध्यक्ष ने ट्वीट किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद के दिल्ली के एम्स में हुए निधन से देश ने ग़रीबों के लिए बुलंद आवाज़ से तर्क रखने वाले एक ज़मीनी और समर्पित नेता को खो दिया है। भावभीनी श्रद्धांजलि!
वाड्रा ने ट्वीट किया कि ग्रामीण इलाकों, खेत-खलिहानों और सामाजिक न्याय की मजबूत आवाज रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। रघुंवश जी को उनके योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

सादगी की अप्रतिम मिसाल थे रघुवंश प्रसाद : योगी
लखनऊ। बिहार और केन्द्र की राजनीति में अतुलनीय योगदान देने वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले सिंह सादगी की अप्रतिम मिसाल थे। योगी ने ट्वीट किया कि सादगी की अप्रतिम मिसाल, ग्रामीण पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले वरिष्ठ राजनेता रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन अत्यंत दुःखद है। ग्राम्य विकास मंत्रालय में उन्होंने सराहनीय कार्य किया। श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति।

संबंधित समाचार