
काशीपुर: उत्तराखंड में ढाई वर्ष से कम समय में 3854 महिलाएं और 1134 बालिकाएं गायब
जिसमें से 2961 गुमशुदा महिलाएं व 1042 बालिकाएं हुई बरामद, आरटीआई में हुआ खुलासा
काशीपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड में महिला सुरक्षा तथा महिला अधिकार संरक्षण के कितने भी दावे कर लिए जाए। लेकिन हकीकत इससे दूर नजर आती है। उत्तराखंड में जनवरी 2021 से मई 2023 तक 29 माह में 3854 महिलाएं तथा 1134 बालिकाएं गुमशुदा दर्ज की गयी है। इस अवधि में 2961 गुमशुदा महिलाएं तथा 1042 बालिकाएं बरामद भी हुई है। यह चौकाने वाले तथ्य सूचना के अधिकार के तहत पुलिस मुख्यालय से प्राप्त हुए है।
काशीपुर निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन ने उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के लोक सूचना अधिकारी से उत्तराखंड में गुमशुदा व्यक्तियों, महिलाओं, बालक तथा बालिकाओं के आंकड़ों की सूचना मांगी थी। जिसके प्रतित्तर में नदीम को उपल्ब्ध सूचना के अनुसार उत्तराखंड के 13 जिलों तथा रेलवे (जीआरपी अन्तर्गत) में जनवरी 2021 से मई 2023 तक कुल 3854 महिलाओं की गुमशुदगी दर्ज की गई। इनमें 2021 में 1494, वर्ष 2022 में 1632 तथा वर्ष 2023 में मई तक 728 महिलाएं शामिल है। इसी अवधि में कुल 1132 बालिकाओं की भी गुमशुदा दर्ज हुई है, जिसमें 2021 में 404 वर्ष 2022 में 425 तथा 2023 में मई तक 305 बालिकायें शामिल है।
गुमशुदा महिलाओं की बरामदगी के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2021 से मई 2023 तक कुल 2961 महिलाएं बरामद हुई है। इसमें 2021 में 1271, वर्ष 2022 में 1281 तथा 2023 में मई तक 409 महिलाएं शामिल है, जबकि इसी अवधि में कुल 1042 गुमशुदा बालिकाएं बरामद हुई है। जिसमें 2021 में 393, वर्ष 2022 में 403 तथा 2023 में मई तक 246 बालिकाएं शामिल है।
जिलेवार गुमशुदा महिलाएं में देहरादून अव्वल
काशीपुर। गुमशुदा महिलाओं के जिलेवार विवरण के अनुसार देहरादून में सबसे अधिक महिलाओं की गुमशुदगी दर्ज की गई है। वही सबसे कम रुद्रप्रयाग जिले में है। विवरण अनुसार नैनीताल जिले में 2021 में 168 वर्ष 2022 में 165 तथा 2023 में मई तक 53 महिलायें गायब हुई हैं। उधमसिंह नगर जिले में क्रमशः 343, 415, तथा 183, पिथौरागढ़ जिनले में 14, 18 तथा 7, अल्मोड़ा जिले में 25, 44 तथा 23, टिहरी जिले में 59, 49 तथा 35, बागेश्वर जिले में 34, 26 तथा 12, पौड़ी जिले में 43, 58 तथा 19, उत्तरकाशी जिले में 34, 23 तथा 15, देहरादून जिले में वर्ष 2021 में 364, वर्ष 2022 में 430 तथा 2023 में मई तक 163 महिलायें, हरिद्वार जिले में क्रमशः 339, 314 तथा 169, चमोली में 31, 26 तथा 14, चम्पावत जिले में 23, 48 तथा 25, रूद्रप्रयाग जिले में 14, 15 तथा 10 तथा रेलवे क्षेत्र (जी.आर.पी. अन्तर्गत) में वर्ष 2021 में 3, 2022 में 1 तथा 2023 में मई तक शून्य गुमशुदा महिला दर्ज हुई है।
जिलेवार गुमशुदा बालिकाएं
काशीपुर। गुमशुदा बालिकाओं के जिलावार विवरण के अनुसार नैनीताल जिले में 2021 में 74, वर्ष 2022 में 63, वर्ष 2023 में मई तक 17 बालिकायें गुमशुदा दर्ज हुई हैं जबकि जिला उधमसिंह नगर में क्रमशः 133, 146 तथा 49, पिथौरागढ़ में 17, 22 तथा 15, अल्मोड़ा जिले में 10, 13 तथा 9, टिहरी जिले में 23, 18 तथा 12, बागेश्वर जिले में 8, 8 तथा 2, पौड़ी जिले में 5, 8 तथा 7, उत्तरकाशी जिले में 5, 3, तथा 2, देहरादून जिले में वर्ष 2021 में 30 बालिकायें, 2022 में 9 तथा 2023 में मई तक 80 बालिकायें गुमशुदा दर्ज हुई है। हरिद्वार जिले में क्रमशः 81, 103 तथा 95, चमोली जिले में 8, 9 तथा 5, चम्पावत जिले में 9, 17 तथा 8, रूद्रप्रयाग जिले में 1, 6 तथा 3, रेलवे क्षेत्र (जी.आर.पी.) में इस अवधि में केवल 2023 में मई तक 1 बालिका गुमशुदा दर्ज हुई है।
Comment List