मुरादाबाद : दिल्ली के तीन उचक्के गिरफ्तार, महिला व निर्यातक से छीनी थी चेन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राजफाश: दिल्ली में घटनाओं को अंजाम देने में माहिर उचक्कों ने महानगर में की चेन स्नेचिंग, कुंदरकी में मामा सलमान के घर रुके थे आरोपी, पहले बैंक मैनेजर की पत्नी फिर अगले दिन निर्यातक से की थी छिनैती

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली के रहने वाले तीन उचक्कों ने ही महानगर में चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं को अंजाम दिया। तीनों को मझोला व गलशहीद थाने की पुलिस ने ब्रेड फैक्ट्री तिराहे पर व्हाइट हाउस के पास से दबोचा है। इनमें अली मेहंदी, नमीर और मोहम्मद मोनिश हैं। अली मेहंदी पुत्र अली हैदर दिल्ली में बाड़ा हिंदुराव बगीची अच्छीजी, मकान नंबर-3330 का रहने वाला है। अभियुक्त नमीर पुत्र शाहबुद्दीन थाना बाड़ा हिंदुराव क्षेत्र में ठेले वाली गली का है, जबकि इसका साथी माेहम्मद मोनिश पुत्र मुमताज अहमद जी-165 भगीरथी विहार गोकुलपुरी का रहने वाला है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि इन तीनों अभियुक्तों ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उन लोगों ने पूर्व में दिल्ली में भी कई घटनाएं की हैं। कई बार तिहाड़ जेल गए हैं। इस बार योजनाबद्ध तरीके से वे लोग दिल्ली से चलकर नूरपुर में अपने एक जानकार गुड्डू के यहां रुके थे। यहां से वे लोग कुंदरकी में नमीर की ननिहाल पश्चिमी सादात में रुके थे। नमीर का मामा सलमान और उसके अन्य साथी भी घटनाओं में उनके सहयोगी हैं।

सलमान को गिरफ्तार किया जाना अभी बाकी है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने 11 सितंबर के दिन मानसरोवर काॅलोनी में बैंक शाखा प्रबंधक गौरव सिंह की पत्नी महिमा सिंह से छिनैती की थी। महिमा दवा लेकर लौट रही थीं। उस दौरान दो बाइकों पर सवार अली मेहंदी, नमीर और मोहम्मद मोनिश ने महिला के गले से सोने की चेन तोड़ ली थी। अगले दिन 12 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे पुराने रोडवेज बस अड्डा के पास टहलकर लौट रहे निर्यातक अनुज टंडन के गले से उनकी चेन खींच ली थी। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो चेन, 200 ग्राम चरस व घटना में प्रयुक्त तीन तमंचा और बाइक (डीएल-11-एसएस-6965) भी बरामद की है।

इस तरह खुला राज
एसएसपी ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया और सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगाई गई थीं। इसमें उचक्कों के आने-जाने वाले रास्ते के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी ने बताया कि अभियुक्त कुंदरकी में जिसके यहां ठहरे थे वह सलमान पुत्र सुलेमान है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

हिस्ट्रीशीटर है अभियुक्त मोनिस
एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि अभियुक्त मोनिश हिस्ट्रीशीटर है। इसके विरुद्ध कुल 29 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। यह मामले मझोला व गलशहीद के अलावा दिल्ली में थाना राजेंद्र नगर, वजीराबाद, भजनपुरा, नबी करीम, मोरिस नगर, अशोक विहार, मुखर्जी नगर में दर्ज हैं। अभियुक्त अली मेहंदी के विरुद्ध दिल्ली नार्थ के थाना मोरिस में तीन व एक मामला करोल बाग थाने में पहले से दर्ज है। इसके अलावा अब मझोला थाने में दो और एक मामला गलशहीद थाने में दर्ज किया गया है। अभियुक्त नमीर के विरुद्ध मझोला थाने में दो व गलशहीद थाने में एक प्रकरण दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें:- जाह्नवी कंडुला के लिए न्याय की मांग को लेकर सिएटल में निकाली रैली, सांसदों ने की जांच की मांग

संबंधित समाचार