तमाम अटैचियां, अलमारियां और फाइल्स खंगाल गई आईटी की टीम : आजम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

13 सितंबर की सुबह 7 बजे घर पर दस्तक होने के बाद घर में घुस आई फौज और अधिकारी, तीन दिन तक पूरे घर में करते रहे जांच-पड़ताल 

रामपुर, अमृत विचार। शुक्रवार की शाम आयकर विभाग की टीम के रवाना होने के बाद पूर्व मंत्री आजम खां ने आपबीती सुनाई। कहा कि 13 सितंबर को सुबह 7 बजे दरवाजे पर दस्तक हुई और आयकर विभाग के अधिकारी घर में घुस आए। फौज की वर्दी में जवानों को देखकर समझ गया कि कोई बड़ा मामला है। कहा कि नमाज पढ़ने के बाद जरा देर से सोता हूं। आजम खां ने कहा कि उनका टीवी भी ऑन नहीं था कि देख सकते कि घर के बाहर कौन है। बाहर निकलने पर देखा कि कुछ लोग कूदकर घर के अंदर आ चुके थे। कहा कि आयकर विभाग की टीम ने सारी अटैचियां, सारी अलमारियां और सारे फाइल्स को देखा। कहा कि अब कितने हफ्ते लगेंगे इनको बटोरने में यह कहा नहीं जा सकता।

शहर विधायक आकाश सक्सेना की शिकायत पर आयकर विभाग की टीम ने घेर मीर बाज खां स्थित आजम खां के आवास पर 13 सितंबर की सुबह 7 बजे छापा मारा था। इसके बाद आजम खां और उनका परिवार तीन दिन तक अपने घर में कैद रहे। शुक्रवार की शाम आजम खां ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि उन्हें यह उम्मीद नहीं थी। आयकर विभाग के अधिकारियों ने प्रोटोकाल के तहत अपना काम किया। कहा कि हमारे लिए दुआएं काम आईं। कुछ ऐसा नहीं था कि कुछ सीज किया जा सकता। मेरी पत्नी के पास सौ सवा सौ ग्राम की सोने की अंगूठियां थीं। अब्दुल्ला के पास 10 हजार रुपये और साढ़े तीन हजार रुपये मेरे पास थे। इसके बाद

अधिकारियों ने खाना तलाशी ली। कहा कि ऐसा ही कुछ मदन मोहन मालवीय के साथ हुआ था। कहा कि मानवता बहुत छोटी हो गई है लेकिन, सहनशक्ति अभी बाकी है। कहा कि दो महीने पहले बारिश हुई थी उनके घर में दो-दो फिट पानी भर गया था। रविवार को हुई बारिश के बाद उनके घर में तीन-तीन फिट पानी भर गया था और सारा सामान इधर-उधर पड़ा था।

आयकर विभाग की टीम ने घर में रखी तमाम अटैचियों, अलमारियों, बैड और तमाम फाइल्स को खंगाल दिया। आजम खां ने यह नहीं बताया कि आयकर विभाग की टीम क्या-क्या लेकर गई है। इससे पहले अपने घर से बाहर आए आजम खां को मीडियाकर्मियों ने घेर लिया और सवालों की बौछार कर दी। आजम खां बोले भई आप बोल लें या फिर मैं बोलूं और इसके बाद गुस्साए हुए आजम अपने घर में चले गए।

ये भी पढ़ें : रामपुर : आयकर विभाग की टीम को मिला 83.96 लाख रुपये नकद और 2.04 करोड़ के जेवरात

संबंधित समाचार