हल्द्वानी: प्लांट बंद रहने से ठप हुई पानी की आपूर्ति, पर्याप्त टैंकर न होने से बढ़ी दिक्कत
हल्द्वानी, अमृत विचार। शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट से शनिवार को 3 घंटे पानी की आपूर्ति बंद रही। जिससे शहर के कई हिस्सों में पानी नहीं मिला। प्राइवेट टैंकर ठेकेदारों के हड़ताल में होने के कारण प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त टैंकर नहीं मिल सके। जिससे कई लोगों को निजी टैंकर मंगाने पड़े।
जल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज तिवारी ने बताया कि सिंचाई विभाग की ओर से गौला बैराज में सफाई की गई। इस दौरान जल संस्थान को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। उन्होंने बताया कि शाम 3 बजे बाद पानी मिलने के बाद आपूर्ति बहाल हो गई।
वहीं दूसरी तरफ बिठौरिया नं. 1 बिष्टधड़ा गांव का ट्यूबवेल शनिवार को खराब हो गया है जिससे लगभग 2 हजार की आबादी प्रभावित है। सहायक अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि रविवार से ट्यूबवेल रिपेयर किया जायेगा और 4-5 दिन के भीतर ठीक कर लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रभावित क्षेत्र में 2 टैंकर भेजे जा रहे हैं।
