सुरजेवाला ने लगाया आरोप, कहा- बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है भाजपा

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

भोपाल। कांग्रेस के महासचिव एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके नेता ''सनातन धर्म'' के मामले को लेकर लोगों का मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। सुरजेवाला ने यहां प्रदेश कांग्रेस की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 19 सितंबर से निकाली जाने वालीं ''जन आक्रोश यात्रा'' के संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान यह बात कही। 

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रभारी के के मिश्रा भी मौजूद थे। ''इंडिया'' गठबंधन के कुछ सहयोगी दलों के नेताओं द्वारा सनातन धर्म को लेकर दिए गए विवादास्पद बयानों के संबंध में पूछे जाने पर सुरजेवाला ने कहा कि सनातन धर्म हमेशा से है, था और रहेगा। लेकिन भाजपा के नेता इस मामले को लेकर जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेता क्यों नहीं बोलते हैं। 

इसके अलावा महंगाई, रोजगार भी मुद्दे हैं। इस बारे में भाजपा नेता क्यों नहीं बोलते। सुरजेवाला और कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में व्यापमं घोटाला हुआ। पटवारी परीक्षा के पेपर बिके। और भी घोटाले हैं। भ्रष्टाचार भी है। इन सबके बारे में मोदी और अन्य भाजपा नेता क्यों नहीं बोलते। कमलनाथ ने कहा कि वे स्वयं धर्म को मानते हैं, लेकिन धर्म को कभी भी राजनीति में नहीं लाते हैं। वहीं भाजपा नेता धर्म के नाम पर राजनीति कर मूल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं। 

कमलनाथ ने भाजपा नेताओं से जानना चाहा कि राज्य में 15 सालों से अधिक समय से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं। भाजपा नेता फिर क्यों विधानसभा चुनाव में चौहान के नाम पर वोट नहीं मांग रहे हैं। चुनाव के लिए पूरा केंद्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश में जुट गया है। उन्होंने कहा कि इन सब बातों के चलते जनता में आक्रोश है और इसलिए कांग्रेस ने ''जन आक्रोश यात्रा'' निकालने का निर्णय लिया है। 

एक सवाल के जवाब में सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विधानसभा चुनाव किस क्षेत्र से लड़ेंगे या कब लड़ेंगे, इस बारे में फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में मुख्यमंत्री कौन होगा, के जवाब में सुरजेवाला ने अपने बाजू में बैठे कमलनाथ की ओर इशारा कर दिया। एक अन्य सवाल के जवाब में सुरजेवाला ने कहा कि जन आक्रोश यात्रा का पूरा कार्यक्रम और इससे संबंधित रणनीति कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तैयार की है। सुरजेवाला ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की ओर से अब तक किए गए वादों के बारे में भी बताया। 

ये भी पढे़ं- SC ने केंद्र से कहा- सभी अनाथ बच्चों तक कोविड-19 योजनाओं का लाभ पहुंचाने की संभावनाएं तलाशें

 

 

संबंधित समाचार