उन्नाव में बोलीं मंत्री प्रतिभा शुक्ला- आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को दी जाए प्री-नर्सरी की भांति शिक्षा
उन्नाव, अमृत विचार। आंगनवाड़ी केंद्रों से आने वाले बच्चों को प्री-नर्सरी की भांति शिक्षा दें औऱ उन्हें संस्कारवान बनाएं। जिससे यह लगे कि वो आंगनवाड़ी से पढ़कर निकले हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों का कायाकल्प योजना के माध्यम से ही कराया जा रहा है। साथ ही महिला सश्कतीकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलायें अपने परिवार में भेदभाव न करें औऱ बालिकाओं को भी शिक्षित करें।
यह बातें प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विकासखंड के सभागार में बोलते हुये कहीं। उन्होने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा बहुत जरुरी है। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की जिम्मेदारी है कि गांव मे जो भी बच्चे उनके पास आ रहे हैं उनका पूरा ख्याल रखें औऱ उन्हें शिक्षित करने के साथ संस्कार भी दें।
जिससे बच्चे जब बड़े हों तो यह कह सकें कि उनकी पहली गुरु उनकी आंगनवाड़ी शिक्षिका थीं। इससे बच्चों को जो भी सामान शासन स्तर से आ रहा है उसे दें औऱ उन्हें कुपोषण से दूर करें। उन्होंने कहा कि जो भी आंगनवाड़ी व सहायिकाओं के पद खाली हैं उन सभी को जल्द भरा जायेगा औऱ जो केन्द्र विद्यालय में चल रहे है वहां मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। जिससे बच्चों को कोई तकलीफ न हो। बताया कि बच्चों का भविष्य संवारना ही उनके विभाग का लक्ष्य है।
जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने कहा कि उनके स्तर से जो भी आंगनवाड़ी को सहयोग होगा किया जायेगा। इन लोगों द्वारा सभी शासकीय कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जाता है जो सराहनीय है। विधायक बृजेश रावत ने कहा कि आंगनवाड़ी विभाग गांव स्तर पर चलने वाली सभी योजनाओं को गावों में पंहुचाने औऱ कोरोना कार्यकाल में इनके द्वारा जो सेवा की गयी है वो इनकी सेवा भाव याद दिलाती है।
बताया कि जो आंगनवाड़ी अच्छा काम कर रही हैं उन्हें भी सम्मानित किया जा रहा है। तो अन्य आंगनवाड़ी कार्यकत्री भी अच्छा कार्य करें। जिससे अगली बार वो भी सम्मानित हों। इस दौरान पांच बच्चों का अन्नप्राशन औऱ 10 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई गयी। इसके साथ ब्लाक प्रमुख रोशनी रावत के बच्चे का भी अन्न प्राशन कराया गया।
34 आंगनवाड़ियों को एक आयल कंपनी द्वारा वाटर कूलर दिया गया। अन्त में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिये गये। इस दौरान सीडीओ ऋषिराज, रवि सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-घोसी उपचुनाव में हार एक एक्सीडेंट: केशव प्रसाद मौर्य का दावा- 2024 में जीतेंगे सभी 80 सीट
