प्रयागराज में रुद्राभिषेक कर सांसद व जिलाध्यक्ष ने पीएम का जन्मदिन मनाया
नैनी/प्रयागराज, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 73वां जन्म दिवस सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी एवं नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति ने अरैल स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक के साथ पूजा अर्चना कर मनाया। सांसद प्रो. जोशी ने इस मौके पर कहा कि अपनी दूरगामी दृष्टि तथा सुदृढ़ नेतृत्व से आज प्रधानमंत्री ने ‘अमृत काल’ में भारत के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। सांसद ने ईश्वर से प्रार्थना किया कि प्रधानमंत्री को सदा स्वस्थ दीर्घायु और सानंद प्रदान करें तथा देशवासियों को अपने अप्रतिम नेतृत्व से लाभान्वित करते रहें।
सांसद प्रो. जोशी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नए भारत के शिल्पकार मोदी जी ने हमारे देश की प्राचीन विरासत के आधार पर एक भव्य और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने का काम किया है। चाहे संगठन हो या सरकार, उनसे हम सभी को सदैव “राष्ट्रहित सर्वोपरि” की प्रेरणा मिलती रही है। ऐसे अद्वितीय नेता के मार्गदर्शन में देशसेवा का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। सांसद जोशी ने कहा कि आज देश भर में विश्वकर्मा जयंती भी मनाई जा रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी जी ने देश भर के कारीगरों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना की सौगात दी है। वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट सत्र के दौरान केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना का ऐलान किया था। योजना में 13000 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति ने भी विधि-विधान से मंत्रोच्चारण करते हुए पूजा-अर्चना कर मोदी जी के दीर्घायु की कामना किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री राजेश शुक्ला, उपाध्यक्ष जय सिंह पटेल, जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष नागेश्वर निषाद, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सविता मिश्रा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधाकर पांडेय, सांसद के जनसंपर्क प्रभारी संत प्रसाद पांडेय, आशीष मिश्रा मुन्ना, बृजेश पांडेय, राजकुमार मिश्र, मक्खन पांडेय, रिंकू सिंह, श्याम नारायण पाठक, विजय पुरस्वानी, शिव शंकर दिक्षित आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अरैल के पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप महरा शास्त्री ने किया।
ये भी पढ़ें -PM मोदी के जन्मदिन पर भाजपा ने की आयुष्मान भव पखवाड़े की शुरुआत
