चित्रकूट: जितिन प्रसाद ने जिले को दी 54 परियोजनाओं की सौगात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अगर ईमानदारी से क्रियान्वयन हुआ तो बदलेगी तस्वीर

चित्रकूट, अमृत विचार। प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद अपने मानिकपुर दौरे के दौरान जिले को 54 परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण की सौगात दे गए। अगर इनका ठीक से क्रियान्वयन हुआ तो निश्चित रूप से जिले की तस्वीर बदलेगी। 

गौरतलब है कि शनिवार को विकासखंड मानिकपुर की ग्राम पंचायत करौंहा के उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रांगण से जितिन प्रसाद ने लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के तहत 7367.27 लाख रुपये की 54 परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास किया। 

इसमें सखौहा-चकोर मार्ग पर सखौहा नाले पर सेतु एवं पहुंच मार्ग का लोकार्पण,  मानिकपुर में कल्यानगढ़-धारकुंडी संपर्क मार्ग पर बरदहा नदी पर दीर्घ सेतु एवं पहुंच मार्ग का शिलान्यास,  मानिकपुर में बुंदेलखंड विकास निधि (राज्यांश) से स्वीकृत आठ कार्यों में 14.150 किलोमीटर लंबाई के मार्ग का शिलान्यास,  ग्राम कुई में गुहिया नदी/ नाला पर लघु सेतु एवं पहुंच मार्ग का लोकार्पण शामिल है। 

इसके अलावा  चित्रकूट में राज्य सड़क निधि अंतर्गत 38 कार्यों (कुल लंबाई 60.86 किलोमीटर मार्ग) का लोकार्पण, चित्रकूट में जिला योजना के अंतर्गत 0.400 किलोमीटर मार्ग का लोकार्पण एवं बुंदेलखंड विकास निधि राज्यांश योजना के अंतर्गत स्वीकृत 4.40 किलोमीटर मार्ग का शिलान्यास शामिल है।

पीडब्लूडी मंत्री की इन घोषणाओं से लोगों में खुशी है। हालांकि इनका यह भी कहना है कि घोषणाओं के बाद क्रियान्वयन महत्वपूर्ण होता है। देखना होगा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ है, वे धरातल पर कब उतरती हैं।

यह भी पढ़ें:-पीएम मोदी की 73 जन्मदिन आज: बोले सीएम योगी- यूपी का सौभाग्य कि Modi वाराणसी के सांसद हैं

संबंधित समाचार