प्रतापगढ़: दो सगे भाइयों की सर्पदंश से मौत, परिजनों में कोहराम
सोने के दौरान हुई घटना, एसडीएम के साथ पहुंचे नायब तहसीलदार
लालगंज/प्रतापगढ़। घर के कमरे में चारपाई पर एक साथ सो रहे दो सगे भाइयों की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। एसडीएम व नायब तहसीलदार ने घर पहुंचकर आर्थिक मदद का भरोसा देते हुए ढांढस बंधाया।
लालगंज के धधुआ गाजन निवासी बबलू यादव अपने पिता तुलसीराम यादव के साथ फरीदाबाद में रह कर मजदूरी का काम करते है। यहां गांव में बबलू की पत्नी सीमा अपने दोनों पुत्र नौ वर्षीय अगम यादव व सात वर्षीय अर्नव यादव के साथ रहती थी।
मार्डन कान्वेंट स्कूल संगम चौराहा लालगंज में अगम यादव कक्षा एक व अर्नव यादव प्ले ग्रुप में पढ़ते थे। शनिवार की रात खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गए। एक कमरे में चारपाई पर दोनों भाई अगम व अर्नव तथा बगल की चारपाई पर उनकी मां सीमा सो रही थी। रात में करीब 12:30 बजे एक सांप चारपाई पर चढ़ गया और दोनों सगे भाइयों को डस लिया। अचानक दोनों की चीख सुनकर बगल सो रही मां सीमा की नींद खुली।
मोबाइल का टार्च जलाया तो बेटे की चारपाई पर बड़ा काला सर्प बैठा देख चीख पड़ी। आनन-फानन उन्होंने सर्प को उठाकर बाहर फेंक दिया। उसकी चीख सुनकर घर के लोगों की भी नींद टूट गई और भागकर लोग वहां पहुंचे तो सर्प को फर्श पर जाते देख हतप्रभ रह गए। शोर सुनकर ग्रामीण भी जुट गए। परिजन दोनों भाइयों को झाड़ फूंक के लिए ले गए, लेकिन दोनों भाइयों की सांसें थम गईं। मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
एसडीएम लालधर यादव व नायब तहसीलदार ने भी घर पहुंच कर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए ढांढस बधाया। जानकारी होने पर बबलू व तुलसी राम फरीदाबाद से घर के लिए निकल चुके हैं। चाचा राजू ने बताया कि उनके भाई व पिता के घर पहुंचने के बाद सोमवार को शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। कोतवाल अवन कुमार दीक्षित ने बताया कि मामला संज्ञान में है।
नहीं की मौत की चिंता, मां ने सर्प को उठा कर फेंका
बबलू और सीमा के दो संतान अगम और अर्नव ही थे। दोनों एक ही चारपाई पर सोते थे। शनिवार रात भी दोनों एक चारपाई पर सो रहे थे। उनकी चीख सुनकर मां सीमा की नींद टूटी। चारपाई पर बेटों के ऊपर कुंडली मारे सर्प को बैठे देख उसकी ममता चीख पड़ी। बिना खुद के मौत की परवाह किए उसने आनन फानन बेटों के ऊपर बैठे सर्प को हांथ से उठा लिया और उसे जमीन पर फेंककर बेटों से लिपट कर दहाड़ मारकर लगी।
दो सगे भाइयों की सर्पदंश से मौत अत्यंत दुखद घटना है। दैवी आपदा के तहत परिजनों को कुल आठ लाख की धनराशि मुहैया कराई जाएगी...,लालधर यादव, एसडीएम लालगंज।
शौच के लिए निकले युवक की सर्पदंश से मौत
कुण्डा: घर से शौच के लिए निकले युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। मौत से परिजन बिलखने लगे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हथिगवां के सरैया प्रवेशपुर गांव के दिनेश सरोज (30) पुत्र छोटे लाल सरोज रविवार सुबह करीब छह बजे शौच के लिए घर से निकलकर थोड़ी दूर गया था।
रास्ते में उसे सर्प ने डस लिया।परिजन झाड फूंक से आराम न मिलने पर सीएचसी कुंडा लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। माैत से पत्नी कविता,पिता छोटेलाल, भाई बृजेश कुमार, दुर्गेश कुमार समेत परिजन बिलखने लगे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
