मुरादाबाद : पाइप लाइन में रेत आने से 5,000 घरों में पानी की आपूर्ति ठप

बुद्धि विहार सेक्टर-4 में पाइप लाइन फटने से झेलनी पड़ी परेशानी, खाना बनाने से लेकर स्नान तक के लिए झेली दुश्वारी

मुरादाबाद : पाइप लाइन में रेत आने से 5,000 घरों में पानी की आपूर्ति ठप

बुद्धि विहार सेक्टर चार में इस जगह पर फटी पानी की पाइप लाइन।

मुरादाबाद, अमृत विचार। बुद्धि विहार के सेक्टर चार में शनिवार को लोगों के घरों में 12 घंटे तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। जिससे उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसका कारण पाइप लाइन का फटना बताया जा रहा है। इस दौरान खाना बनाने से लेकर स्नान तक के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कई ने तो पीने के लिए किराए पर पानी के कैंपर मंगाये। रविवार को भी कई घरों में पानी आपूर्ति  में रेत आया।

मामला पॉश कालोनी बुद्धि विहार का है। यहां पर सेक्टर चार में पानी की आपूर्ति के लिए टंकी लगी है। जिससे सुबह, दोपहर और शाम को पानी की आपूर्ति की जाती है। शनिवार की सुबह एक मकान के दरवाजे के बाहर रैंप के नीचे पानी आपूर्ति करने वाला पाइप फट गया। इसके चलते करीब 4-5 हजार लोगों के घरों में पानी की आपूर्ति बंद हो गई। लोग एक दूसरे से जानकारी करने लगे। जिस जगह पर पाइप फटा वहां पर पानी भर गया। आसपास के घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया। सड़क पर रेत जमा हो गया। गर्मी में पानी न मिलने से लोगों के सामने समस्या खड़ी हो गई। घरों में रखे पानी के टैंक भी खाली हो गए।

कई जगह लोगों ने हैंडपंप का सहारा लिया तो कई परिवार स्नान आदि के लिए रिश्तेदारों के पास दूसरी जगह गए। स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 6 बजे बंद हुई पानी की आपूर्ति शाम करीब 6 बजे सुचारू हो पाई। इस बीच पानी तो आया, लेकिन इसमें काफी रेत था। लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों को जानकारी दी, तब कहीं जाकर पाइप लाइन को ठीक किया गया और पानी आपूर्ति हो सकी, लेकिन रविवार को भी पानी में रेत दिखाई दिया।

घर में पानी आपूर्ति बंद होते ही समस्या खड़ी हो गई। सबसे ज्यादा दिक्कत खाना बनाने में आई। टैंक में जो पानी था उससे ही काम चलाया। लेकिन फिर उसका पानी भी खत्म हो गया। मकान में सबमर्सिबल लगा है जिससे पानी की जरूरत पूरी की।-सरिता श्रीवास्तव

रविवार की सुबह जब सोकर उठे और टंकी खोली तो उसमें पानी ही नहीं था। आसपास में मालूम किया कि पानी आ रहा है या नहीं। थोड़ी देर इंतजार किया कि पानी आ जाएगा, लेकिन तय समय के एक घंटे बाद भी नहीं आया। जरूरी काम निपटाने में दिक्कत आई। -ममता गोयल

सुबह से लेकर शाम तक पानी के लिए इंतजार करना पड़ा। घरेलू काम निपटाने में दिक्कत हुई। नगर निगम को ऐसी समस्याओं का स्थायी समाधान खोजना चाहिए। पाइप लाइन पुरानी हो चुकी हैं। जिसकी वजह से क्षेत्र के लोगों को परेशानी हुई। -ज्ञानेंद्र अग्रवाल

रविवार को सुबह 6 बजे लेकर शाम 6 बजे तक पानी की आपूर्ति नहीं मिली। पाइप लाइन फटने से आसपास के घरों में पानी भर गया। जिससे दिक्कत हुई। पानी में रेत आया। इसकी वजह से पाइप लाइन बंद हो गई। -सतीश चौहान

पाइप लाइन फटने से सड़क पर रेत जमा हो गया। जिसे ट्राली में भरकर भेजा गया। रविवार को भी पानी आपूर्ति में रेत आया। 12 घंटे तक बिना पानी के रहना पड़ा। पानी गंदा आ रहा है। जिससे स्नान भी नहीं कर सकते। -ध्रुव

खाना बनाने और पीने के लिए बाहर से किराये पर पानी के कैंपर मंगाने पड़े। तब कहीं जाकर घर का काम चला। पानी की कमी की वजह से सुबह को स्नान भी नहीं किया। खाना भी देर से बना। दुकान करते हैं, पानी की वजह से दुकान भी देरी से खुली। -पारस गुप्ता  

पाइप लाइन चार-पांच फीट नीचे है। कभी-कभी पानी के प्रेशर से भी पाइप लाइन फट जाती है। बुद्धि विहार के सेक्टर चार में फटी पाइप लाइन को ठीक कर पानी आपूर्ति को बहाल कर दिया गया है। पाइप लाइन में रेत जाने से पानी में आने लगा। अब पानी आपूर्ति ठीक हो रही है।  -बीआर अशोक, सहायक अभियंता , जलकल नगर निगम

 

Post Comment

Comment List

Advertisement