अयोध्या: पेड़ की डाल काटते हुए कुएं में गिरा छात्र, मौत
हैदरगंज, अयोध्या, अमृत विचार। सोमवार को कुएं के किनारे पेड़ की डाल काटने छांटने के दौरान मदरसे के एक छात्र की कुएं में गिर कर मौत हो गई। ग्रामीणों ने रस्सी और छड़ की मदद से किसी तरह छात्र के शव को कुएं से बाहर निकाला।
घटना हैदरगंज थाना के जाना बाजार बीकापुर मोड़ से दो सौ मीटर दूर एक दुकान के सामने स्थित कुएं पर हुई। बताया जा रहा है जाना निवासी 14 वर्षीय मो असलम पुत्र घिराऊ अपराहन 3 बजे के करीब अपने ही बाग में स्थित कई वर्ष पुराने कुएं की जगत पर उगे गूलर के पेड़ की टहनियों को काट कर साफ सफाई कर रहा था।
इसी दौरान अचानक कुएं से भरे पानी में गिर पड़ा। वह स्थानीय मदरसे में कक्षा 5 का छात्र था। कार्यवाहक थाना प्रभारी राहुल पांडेय ने बताया शव का पंचनामा कराकर परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। उन्होंने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है।
यह भी पढ़ें:-कौशाम्बी : ट्रिपल मर्डर से पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे यूपी के समाज कल्याण मंत्री, मदद का दिया भरोसा
