चित्रकूट: नलकूप में सो रहे किसान की लाठियों से पीटकर हत्या, बेटे ने दर्ज कराई अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मऊ (चित्रकूट) अमृत विचार। थानांतर्गत अहिरी गांव में नलकूप में सो रहे एक अधेड़ की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। खेत में उसका लहूलुहान शव पड़ा मिला। मृतक के बेटे ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अहिरी गांव निवासी आदित्य शंकर ने बताया कि उसके पिता रामबालक (57) पुत्र स्व. माताबदल सोमवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे खेत में लगे बोर में सोने गए थे। उसने बताया कि एक व्यक्ति की सूचना पर उसने अपने पिता के मोबाइल पर काल की पर फोन रिसीव नहीं हुआ। इस पर वह वहां पहुंचा तो देखा कि बिस्तर पर पिता नहीं थे।

आदित्य ने बताया कि जब उसने इधरउधर तलाश किया तो खेत में शव पड़ा था। उसने आशंका जताई कि किसी ने लाठी-डंडों से पीटकर उसके पिता की हत्या की है। उसने इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

मृतक की पत्नी दुबसिया ने बताया कि मौके पर लाठी-डंडे भी पड़े थे, जिससे यह साफ है कि उसके पति को बेरहमी से पीटकर मारा गया है। रामबालक खेती किसानी करके परिवार का पेट पालता था। उसके परिवार में पत्नी और पुत्र के अलावा पुत्रियां सुनीता, कल्पना, अर्चना, साधना, निशा, प्रियंका और सपना हैं। सभी का रो रोकर बुरा हाल है।    

cats00

दूसरे व्यक्ति ने दी थी सूचना
आदित्य शंकर ने पुलिस को बताया कि उसको बालापुर निवासी नत्थू प्रसाद पुत्र बब्बू ने उसे सूचना दी थी कि उसके पिता बोर में नहीं हैं। नत्थू प्रसाद को यह बात बोर के बगल में रहने वाले बेलई ने दी थी। 

अचानक बढ़ा अपराध का ग्राफ
दो दिन में अचानक जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ गया। कोतवाली अंतर्गत कपसेठी में शुक्रवार को रामबरन निषाद का बंधोइन की नहर के पास शव पड़ा मिला था। शव की हालत और सिर बुरी तरह से कुचला होने से इसकी भी हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस के सामने दोनों मामलों के जल्द खुलासे की चुनौती है।

ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर : हलियापुर बनेगा जिले का 15वां ब्लॉक, तैयारियां पूरी

संबंधित समाचार