कासगंज: जांच में फर्जी पाई गई शिकायत, चार शिक्षक निलंबित...जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिकायकर्ता के साथ अन्य शिक्षकों ने रची थी शासन की छवि धूमिल करने की साजिश

कासगंज, अमृत विचार। ऑनलाइन शिकायत पर शिक्षक द्वारा विभागीय अधिकारी कर्मचारियों पर आरोप लगाने के आरोप में नया मोड आ गया है। बीएसए द्वारा गठित की गई जांच कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद शिकायकर्ता शिक्षक सहित चार शिक्षक फर्जी शिकायत के आरोपी पाए गए है। इन सभी को बीएसए ने तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए अलग अलग विभाग से संबद्ध कर दिया है और अलग अलग खंड शिक्षाधिकारियों को इनकी जांच सौंप दी है।

बीते दिनों गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव नगल चिना के प्राथमिक विद्यालय पर तैनात शिक्षक विनीत कुमार चतुर्वेदी ने शासन से ऑनलाइन शिकायत की थी। जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों पर रिश्तखोरी का आरोप लगाया गया था। मामले में बीएसए ने जांच समिति का गठन  किया और रिपोर्ट मांगी। अब समिति ने अपनी रिपोर्ट दी है। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि शिकायतकर्ता शिक्षक ने स्वयं स्वीकारा है कि विद्यालय के शिक्षक विमल यादव भी इस प्रकरण में संलिप्त है। 

बीएसए ने पाया कि विमल ने अनुशासनहीनता की है इसके अलावा पाया गया कि गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव गनेशपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय पर तैनात जितेंद्र यादव ने भी सरकारी सेवक आचरण नियमावली का  दुरपयोग करते हुए फर्जी शिकायत में सहयोग किया है। वहीं शिकायतकर्ता शिक्षक विनीत चतुर्वेदी ने गलत तरीके से शिकायत की है। गंजडुंडवारा क्षेत्र के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय छितैरा पर तैनात शिक्षक अवनीश यादव भी इस प्रकरण में संलिप्त है। बीएसए ने इन सभी आरोपी शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते अलग अलग विद्यालय में संबद्ध कर दिया है।

यहां किए संबद्ध, यह करेंगे जांच
गांव नगला चिना के प्राथमिक विद्यालय से निलंबित किए गए सहायक अध्यापक विमल यादव को अमांपुर विकास खंड क्षेत्र के गांव टोडलपुर पर संबद्ध किया है। मामले की जांच पटियाली के खंड शिक्षाधिकारी शशिकांत यादव को दी है। वहीं गनेशपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय से निलंबित किए गए जितेंद्र यादव को उसी विद्यालय पर संबद्ध किया और मामले की जांच सहावर के खंड शिक्षाधिकारी सचिन कुमार को दी है।

गांव नगला चिना से निलंबित किए गए शिकायतकर्ता शिक्षक विनीत चतुर्वेदी को सिढ़पुरा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय नगला गोदे पर संबद्ध किया गया है और मामले की जांच सोरों की खंड शिक्षाधिकारी प्रीति गोयल को दी गई। इसके अलावा गंजडुंडवारा के छितैरा स्कूल से निलंबित किए गए शिक्षक अवनीश यादव को क्षेत्र के ही नगला टिकुरी के विद्यालय पर संबद्ध किया है और प्रकरण की जांच पटियाली के खंड शिक्षाधिकारी शशिकांत यादव को दी गई है।

शिक्षक विनीत कुमार चतुर्वेदी ने ऑनलाइन शिकायत की थी। जिसकी जांच के लिए समिति का गठन किया गया। समिति ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की है। रिपोर्ट के अनुसार शिकायतकर्ता की शिकायत गलत है। शिकायतकर्ता के अलावा अन्य तीन शिक्षकों की संलिप्ता पाई गई है। सभी को निलंबित कर दिया गया है--- राजीव कुमार, बीएसए।

यह भी पढ़ें- कासगंज: धर्मपुर मे बुखार से दो की मौत, बीमारी की चपेट में पूरा गांव

संबंधित समाचार