बरेली: अगले महीने तक पूरा हो जाएगा मल्टीपरपज हॉल का निर्माण, ये होंगी सुविधाएं
स्पोर्ट्स स्टेडियम में कई खेलों के लिए शुरू किया गया था भवन का निर्माण
बरेली, अमृत विचार। स्पोर्ट्स स्टेडियम में अगले महीने एयरकंडीशनर मल्टीपरपज हॉल का निर्माण पूरा हो जाएगा। यहां विभिन्न खेलों के प्लेटफार्म अंतर्राष्ट्रीय मानक के अनुसार होंगे। इससे खिलाड़ियों का अभ्यास बेहतर होगा। फिलहाल, इस वक्त हॉल में बिजली और रंग रोगन का कार्य चल रहा है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 10.18 करोड़ रुपये से वर्ष 2021 में 1431.88 वर्ग मीटर में मल्टीपरपज हॉल का निर्माण शुरू हुआ था।
साइट इंजीनियर रेहान खान ने बताया कि हॉल का प्रयोग विभिन्न खेलों के लिए किया जा सकता है। हॉल में रेसलिंग, ग्रेपलिंग, बॉक्सिंग, जूडो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हैंडबॉल, वालीबॉल, बास्केटबॉल आदि खेलों के लिए विशेष कोर्ट का इंतजाम किया जाएगा। इसमें बनने वाले सभी कोर्ट अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मानक वाले होंगे। हालांकि, इसका निर्माण नौ महीने में पूरा होना था, मगर लंबा समय लग गया। कोविड के चलते भी बीच में काम प्रभावित हुआ था। अगले में निर्माण पूरा होने पर हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू होगी।
ये होंगी सुविधाएं
मल्टीपरपज हॉल में मेडिकल रूम, वीआईपी लाउंज और मीडिया के लिए विशेष कमरा, लिफ्ट जैसी सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी। स्कोर बोर्ड और रात में भी खेलों के आयोजन के लिए विशेष हेलोजन की व्यवस्था की जाएगी।
खिलाड़ियों की सुविधा के अनुसार मल्टीपर्पज हॉल बेहतरीन प्लेटफार्म होगा। एक महीने के भीतर इसका निर्माण पूरा होने की उम्मीद है-जितेंद्र कुमार यादव, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ।
ये भी पढ़ें- बरेली: आधार कार्ड बनवाने के लिए डाकघरों में लग रही भीड़
