कासगंज: सेवानिवृत्त एडीएम के साथ मारपीट, गेस्ट हाउस में घुसकर की तोड़फोड़
कासगंज, अमृत विचार। कासगंज-सोरों रोड पर गांव मामों के समीप नामजदों ने सेवानिवृत्त एडीएम पर हमला बोल दिया। उनके साथ मारपीट की और उनके गेस्ट हाउस में घुसकर तोड़फोड़ की।
मामले में ग्राम प्रधान सहित सात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों पर आरोप है कि आये दिन गेस्ट हाउस पर विवाद करते है।
मूलरूप से गांव गोरहा निवासी सेवानिवृत्त एडीएम राजेंद्र कश्यप ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने लिखाया है कि बीती 19 सितंबर को सुबह सात बजे वह अपने गेस्ट हाउस से दूध लेने के लिए गांव मामों जा रहे थे कि तभी रास्ते में मंदिर के समीप मुन्नीदेवी ने उन्हें रोक लिया और हाथ से दूध छीनने का प्रयास किया।
ये भी पढ़ें : कासगंज: जिले में धूमधाम से मनाया गया लाडली सरकार का जन्मोत्सव
किसी तरह वह वहां से अपने आवास पहुंच गए। कुछ समय बाद मुन्नीदेवी के साथ ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह, मिंटू, अनिल, अमन, अज्ञात महिला वहां आ गए और हाथ में लाठियां और सरिया लेकर हंगामा करने लगे।
जब इसका विरोध किया तो नामजदों ने पूर्व एडीएम के साथ मारपीट की और गेस्ट हाउस के दरवाजे और खिड़कियों में लगे शीशे तोड़ दिए। एडीएम ने पुलिस बुलाई और अब एफआईआर दर्ज करा दी है। एडीएम की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एडीएम की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी। - हरिभान सिंह राठौड़, इंस्पेक्टर
