हल्द्वानी: 'जिम्मेदारों' के घर की छतों पर मिला डेंगू का लार्वा
हल्द्वानी, अमृत विचार। डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को जिले में डेंगू के 13 नए मरीज मिले हैं। अब तक 352 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। करीब 116 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। ऐसे में मरीजों की जान बचाने वाले जिम्मेदार ही लापरवाही बने हैं।
शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह व जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने नैनीताल रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट में चेकिंग की। जहां कई जगह डेंगू का लार्वा व पानी जमा मिला। इस पर मार्ट का 10 हजार का चालान काटा गया। इसके बाद बृजलाल व महिला हॉस्पिटल की चेकिंग की गई, जहां कुछ नहीं मिला।
इसके बाद अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजिडेंट आवास की छतों पर रखी पानी की टैंकियों की चेकिंग की। जिनमें भारी मात्रा में लार्वा मिला। जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। डॉ. कांडपाल ने बताया कि नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने एचएमटी कॉलोनी रानीबाग, काठगोदाम, दमुवाढूंगा, जागनाथ कॉलोनी, राजपुरा, मुखानी, टीपीनगर समेत बाजार क्षेत्र में अभियान चलाकर फॉगिंग कराई। इस बीच करीब 17 घरों में लार्वा मिला। वहीं बनभूलपुरा में कैंप लगाकर लोगों की डेंगू जांच की गई, जिसमें कोई पॉजिटिव नहीं मिला।
