बरेली: विरोध नजरंदाज, अवैध टोल प्लाजा से महीने में चार करोड़ ज्यादा कमाएगा एनएचएआई
बरेली, अमृत विचार। एनएचएआई के अपने ही नियमों के मुताबिक फरीदपुर का टोल प्लाजा अवैध है लेकिन फिर भी उसने यहां टोल की दरों में वृद्धि कर अपनी कमाई और बढ़ा ली है। अब तक इस टोल प्लाजा से वह महीने में करीब नौ करोड़ रुपये की कमाई कर रहा था, लेकिन अब 12 करोड़ कमाएगा। दिलचस्प यह है कि टोल प्लाजा के विरोध के बावजूद टैक्स बढ़ा दिया गया है।
फरीदपुर टोल प्लाजा फतेहगंज पश्चिमी के टोल प्लाजा से सिर्फ 44 किमी दूर है जबकि एनएचएआई के मानकों के हिसाब से दो टोल के बीच कम से कम 60 किलोमीटर की दूरी होनी चाहिए।
इसी कारण इसे अवैध बताकर आम लोगों से लेकर उद्यमी और व्यापारी तक इसे हटाने की मांग कर रहे हैं लेकिन इस विरोध की परवाह किए बगैर कुछ दिन पहले एनएचएआई ने यहां टोल की दरें 30 फीसदी और बढ़ा दी हैं।
टैक्स वृद्धि करने के पीछे रोजा बाईपास चालू होने का तर्क दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों में इसके बाद नाराजगी और ज्यादा बढ़ गई है। वे अफसरों और जनप्रतिनिधियों पर टोल पर की जा रही ठगी पर चुप्पी साध लेने का आरोप लगा रहे हैं।
एनएचएआई के प्रोजेक्टर डायरेक्टर बीपी पाठक का कहना है कि रोजा बाईपास चालू होने से हाईवे पर 10 किमी का सफर बढ़ा है। इसलिए टोल की संशोधित दरें बुधवार रात 12 बजे से लागू कर दी गईं थीं।
टोल की वसूली करने वाली एजेंसी पहले 30 लाख रुपये रोज एनएचएआई को अदा करती थी जो टोल में 30 फीसदी वृद्धि के बाद 39 लाख रुपये रोज अदा कर रही है। टोल चलाने वाली कंपनी की भी कमाई बढ़कर चार से पांच करोड़ रुपये हो गई है। इस टोल प्लाजा से रोज करीब 18 हजार वाहन गुजरते हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: गाजियाबाद जा रहे शख्स की संदिग्ध हालात में मौत, हार्ट अटैक की आशंका
अवैध टोल प्लाजा के खिलाफ आंदोलन जल्द
अवैध टोल प्लाजा के खिलाफ मुहिम का एलान करने वाले पार्षद राजेश अग्रवाल ने बताया कि 51 सदस्यीय संघर्ष समिति का गठन कर लिया गया है। इसमें आम लोगों के साथ 31 व्यापारियों को शामिल किया गया है।
जल्द ही आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भी पत्र भेजा है। सोमवार को एनएचएआई के पीडी बीपी पाठक को ज्ञापन दिया जाएगा। टोल प्लाजा के बारे में जनसूचना अधिकार के तहत जानकारी भी मांगी गई है। हाईकोर्ट जाने का भी विकल्प खुला हुआ है।
ये भी पढ़ें : बरेली: 27 अक्टूबर से विश्वविद्यालय में होगा बृज फिल्म महोत्सव
