Women Reservation Bill: महिला मोर्चा ने सांसद पचौरी का किया जोरदार स्वागत, जिला सम्मेलन बुलाने का बीड़ा उठाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में महिला मोर्चा ने सांसद पचौरी का किया जोरदार स्वागत।

कानपुर में महिला मोर्चा ने सांसद पचौरी का जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही महिला मोर्चा ने जिला सम्मेलन बुलाने का भी बीड़ा उठाया। यूपी की साढ़े सात करोड़ महिला वोटरों पर फोकस की रणनीति।

कानपुर, अमृत विचार। लोकसभा और विधानसभाओं महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण के पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए महिला मोर्चा को सक्रिय किया गया है। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के मद्देनजर सदन में भाजपा का प्रतिनिधित्व वाले सांसद का उनके आवास पर स्वागत की शुरुआत कानपुर से की गयी।

महिला मोर्चा कानपुर संसदीय क्षेत्र मे रहने वाली मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर और दक्षिण जिलों की महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने पदाधिकारियों के साथ सांसद सत्यदेव पचौरी को पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण करके स्वागत किया। 

पचौरी के आह्वान पर महिला मोर्चा सम्मेलन की तैयारी कर रही है जिसमें महिलाओं को आरक्षण की बाबत तफसील से बताया जाएगा। पचौरी कहते हैं कि यह नारी सशक्तीकरण की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। अब तक किसी ने यह साहस नहीं दिखाया जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरक्षण विधेयक पारित करके दिखा दिया।

लोकसभा में दो सांसदों को छोड़कर सभी दलों का समर्थन मिला। राज्यसभा में शतप्रतिशत समर्थन मिला। सामाजिक परिवर्तन के लिए यह बहुत बड़ा काम हुआ जो भविष्य में दिखेगा। सांसद कहते हैं कि दलगत सोच से ऊपर उठने का समय है।

यूपी में भाजपा का मिशन सभी 80 सीटें फतह का है। एक रिपोर्ट के अनुसार 2019 के लोकसभा चुनाव में 36 फीसदी महिलाओं ने भाजपा को वोट दिया था और कांग्रेस को 20 फीसदी और बाकी दलों को 44 फीसदी वोट मिला था। यह भाजपा के पक्ष में स्वस्थ संकेत बताया जाता है। प्रदेश में करीब 16 करोड़ वोटर हैं। इनमें से कोई साढ़े सात करोड़ महिला वोटर हैं।

विपक्षी गठबंधन इंडिया से अबकी भाजपा को चुनौती मिल सकती है। महिला आरक्षण पार्टी की जीत के लिए खुराक बन सकती है। ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को भाजपा के पक्ष में करने के लिए रणनीति बनायी गयी है। 

दस अक्टूबर तक भाजपा महिला मोर्चा वोटर चेतना अभियान चलाएगी। हरेक बूथ पर दस नयी महिलाएं वोटर बनायी जाएंगी। फिर मंडल स्तर पर एक हजार नयी महिाल वोटरों के सम्मेलन होंगे जिसमें बताया जाएगा कि महिला आरक्षण कानून लागू होने के बाद सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्र से संभावित परिवर्तन होगा। पार्टी की एक लीडर ने बताया कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया जयंती 12 अक्टूबर 30 अक्टूबर सरदार बल्लभभाई पटेल जयंती तक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश के 40 कमजोर जिलों पर फोकस किया जाएगा।

सांसद पचौरी का स्वागत करने वालों में पूर्व दक्षिण जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता, महिला मोर्चा  की प्रदेश उपाध्यक्ष रीता शास्त्री, उत्तर जिलाध्यक्ष सरोज सिंह, दक्षिण जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, स्नेहलता दीक्षित, माया यादव, ऋचा पांडे, हेमलता, आशा तोमर, ममता यादव, गुंजन शर्मा, सीमा तिवारी, सीमा तिवारी आदि महिलाएं प्रमुख रूप से थी।

संबंधित समाचार