हल्द्वानी: मोहल्ले में टहलता मिला जिलाबदर, पुलिस ने फिर पहुंचाया अंदर
हल्द्वानी, अमृत विचार। समाज के लिए हितकर न मानते हुए न्यायालय ने जिस शाकिर को जिलाबदर किया था, वह कानून को ताक पर रखकर लौट आया। पुलिस को खबर मिली और जब टीम गिरफ्तारी के लिए पहुंची तो वह अपने ही मोहल्ले में आराम से घूमता मिला।
बनभूलपुरा पुलिस ने बताया कि मोहम्मदी मस्जिद के पास लाइन नंबर 16 में रहने वाले शादाब हाजी के घर पर शाकिर उर्फ साकिर उर्फ बबलू पुत्र नजाकत हुसैन किराए पर रहता है। उसे इसी वर्ष 8 अप्रैल को जिलाबदर किया गया था और पुलिस उसे जिले की सीमा के बाहर छोड़ कर आई थी।
साथ यह भी हिदायत थी कि वह 6 माह से पहले जिले में वापस नहीं लौटेगा। इधर, बीते रविवार को एसआई विनोद घई, कां. मुन्ना सिंह व परवेज अली गश्त पर थे। तभी उन्हें खबर मिली कि शाकिर समय पूरा होने से पहले ही लौट आया है और अपने इलाके में घूम रहा है। बगैर समय गंवाए पुलिस मौके पर पहुंची शाकिर को मौहम्मदी मस्जिद वाली रोड पर मस्जिद के गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
