लखनऊ : दो महीने की उम्र में बच्चे के पेट से निकला डेढ़ किलो का ट्यूमर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) स्थित पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने दो माह के बच्चे के पेट से ट्यूमर निकाल कर उसकी जान बचा ली है। सर्जरी के बाद बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ बताया जा रहा है।

दरअसल, गोरखपुर के खोरबाद गाँव निवासी विकास के दो माह के पुत्र के पेट में बचपन से ही एक गाँठ थी। बताया जा रहा है कि गांठ का आकार धीरे- धीरे बढ़कर डेढ़ किलो तक पहुंच गया। जिसके चलते बच्चे की सेहत पर भी असर दिखने लगा। इन सब समस्याओं से परेशान बच्चे के माता-पिता ने स्थानीय डॉक्टर से सलाह ली। जिस पर स्थानीय डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए बच्चे को केजीएमयू रेफर कर दिया। 

परिजन बच्चे को लेकर केजीएमयू के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग पहुंचे। जहां पर डॉ जेडी रावत और डॉ आनंद पांडेय ने बच्चे की जांच की और पाया कि उसके पेट में एक बड़े आकार का ट्यूमर है जिसका तुरंत ऑपरेशन किया जाना आवश्यक है।

पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के डॉ.जेडी रावत ने बताया बच्चे की उम्र महज दो महीने की थी और ट्यूमर का आकर काफी बड़ा था। जिसके कारण सर्जरी करने के लिए खासी तैयारियों की जरूरत थी। जिससे किसी प्रकार का खतरा न रहे। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान पाया गया कि ट्यूमर लगभग पूरे पेट फैला था और उसने बच्चे के बाक़ी सभी अंगों को चारों ओर दबा दिया था। सावधानीपूर्वक ऑपरेशन कर के ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। बच्चे का वजन लगभग 6 किलो और ट्यूमर का वजन लगभा डेढ़ किलो था। ऑपरेशन के बाद बच्चे के पेट और शरीर में पानी जमा होने लगा था जो उपचार के उपरांत ठीक हो गया। 

डॉ. जेडी रावत ने बताया कि ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ आनंद पांडेय , डॉ मुनि वर्मा, एनेस्थीसिया विभाग के डॉ सतीश वर्मा और नर्स सुधा शामिल थे।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : युवक की मौत पर परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन, पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

संबंधित समाचार