बांदा : चेन स्नेचर गिरोह की पांच महिलाएं मेला से गिरफ्तार 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

बांदा,अमृत विचार। झंझरी पुरवा के मेले में अंर्तजनपदीय चेन स्नेचर गिरोह की पांच महिलाओं ने एक के बाद एक 11 महिलाओं के गले से मंगल सूत्र और चेन झपट लिए। महिलाओं का ध्यान जब अपने गले पर गया तो उनकी चेन और मंगलसूत्र गायब थी। यह देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच तीनों चोर महिलाओं को दबोच लिया और बाद में मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। एएसपी ने प्रेस वार्ता करते हुए पुलिस लाइन सभागार में इसका खुलासा किया। 

सोमवार को मीडिया से बात करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि जसुपरा थाना क्षेत्र के झंझरी पुरवा स्थित अमराही देव स्थान में रविवार को मेला लगा था। मेले में शामिल होने के लिए हजारों लोग आए हुए थे। मेले में कविता नाम की महिला के गले में पड़ा मंगलसूत्र चोरी हो गया। इस बात का शोर मचा तो अन्य महिलाएं भी वहां पहुंच गईं, जिनके गले से मंगलसूत्र और चेन चोरी हुए थे। मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मेला परिसर में मौजूद तीन चेन स्नेचर महिलाएं भागती हुई नजर आईं तो लोगों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। 

तीनो महिलाओं ने चेन और मंगलसूत्र महिलाओं के गले से खींचने की घटना को स्वीकार किया। बाद में दो और महिलाओं को पकड़ा गया। सभी महिलाओं के पास से मंगलसूत्र और चेन बरामद हुए हैं। 900 रुपया भी बरामद किया गया है। एएसपी ने बताया कि सभी महिलाएं कौशांबी की रहने वाली हैं। इनमें करारी थाना क्षेत्र के बैंसकाटी का डेरा निवासी सुरजी पत्नी ब्रजलाल सरोज, देवकली पत्नी बुद्धराम पासी, गमली पत्नी रामलाल, छुटकी पत्नी बदलू पासी और पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के बिरुई निवासी संपतिया पत्नी संपत शामिल हैं। 

बताया कि कविता निवासी चौकी पुरवा, कंचन पत्नी चुन्नू निवासी शेखूपुर, रमाकांती पत्नी लालबहादुर निवासी सिमनौड़ी हमीरपुर, कलावती पत्नी राजेश झंझरी पुरवा, संगीता पत्नी अनूप झंझरी पुरवा, अनीता पत्नी कैलाश कदौरा जालौन, सुनीता पत्नी प्रदीप निवासी सिमनौड़ी हमीरपुर, सरवन देवी पत्नी दीपचंद्र निवासी बसरेही, मुन्नी देवी पत्नी गोरेलाल निवासी बंसधरी, अनुसुइया पत्नी गुलबदन निवसी सुवासा हमीरपुर, कांती देवी पत्नी अरविंद जसपुरा के गले से मंगलसूत्र और चेन खींच लिए गए थे। 

एसएसपी ने कहा कि पकड़ी गईं सभी महिलाएं अंर्तजनपदीय चेन स्नेचर गिरोह की सदस्य हैं। पुलिस टीम में जसपुरा थाना प्रभारी राकेश कुमार सरोज, उप निरीक्षक दिलीप कुमार यादव, कांस्टेबल गौरव सिंह, कांस्टैबल संजय सिंह, महिला कांस्टेबल सुहारती और निशा चंदेल शामिल रहीं।
 
ये भी पढ़ें -भारत में रहना होगा तो राम-राम कहना होगा : आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

संबंधित समाचार