Kanpur News: घूस मांगने पर यूपीसीडा कानपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक निलंबित, आगरा में तैनाती के दौरान मांगी थी रिश्वत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घूस मांगने पर यूपीसीडा कानपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक निलंबित किए गए।

घूस मांगने पर यूपीसीडा कानपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक निलंबित किए गए। आगरा में तैनाती के दौरान रिश्वत मांगी थी। इसके साथ ही वह निवेशकों को भी परेशान करते थे।

कानपुर, अमृत विचार। उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के कानपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद कुमार को रिश्वत मांगने और निवेशकों को परेशान करने के आरोप में शासन ने निलंबित कर दिया है। इस संबंध में शासन स्तर से आदेश जारी कर दिया गया है।

आरोप है कि विनोद कुमार ने आगरा में तैनाती के दौरान रिश्वत मांगी थी। इन्वेस्टमेंट यूपी की संचालन समिति की लखनऊ में हुई बैठक में आगरा के एक उद्यमी ने मामला उठाया तो औद्योगिक विकास एवं अवस्थापना आयुक्त मनोज कुमार सिंह के आदेश पर उन्हें निलंबित कर दिया गया। 

संचालन समिति की बैठक में निवेशकों के समक्ष परियोजनाओं की स्थापना के मार्ग में आ रही विभिन्न समस्याओं के निदान किया जाता है। इसी कड़ी में निवेशक श्रीमंत रेस्पो प्रोडक्ट्स आगरा के प्रतिनिधि ने समिति को बताया कि प्राधिकरण के आगरा के क्षेत्रीय प्रबंधक (तत्कालीन) विनोद कुमार ने उनकी लीजडीड निष्पादन तथा अन्य प्रपत्रों को लेकर अत्याधिक विलम्ब किया। उनका मानसिक उत्पीड़न करने के साथ-साथ रिश्वत की मांग भी गई। इस आरोप को गंभीरता से लेते हुए अवस्थापना आयुक्त ने विनोद कुमार के निलंबन का आदेश दिया। 

औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अपने आदेश में उन्होंने कहा है कि विनोद कुमार के कृत्य से न सिर्फ यूपीसीडा बल्कि प्रदेश सरकार की छवि भी धूमिल हुई है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर माहेश्वरी ने बताया कि विनोद कुमार को शासन ने निलंबित कर दिया है।

संबंधित समाचार