मुस्लिम देशों को भा रहे मुरादाबाद के स्टाइलिश बुर्के, दो दशक पहले हाजी बिशारत ने शुरु किया था कारोबार
सूरत, अहमदाबाद, मुंबई से मंगाए जाते हैं महंगे बुर्के बनाने के कपड़े, महंगे और हेवी फैब्रिक डिजाइन है नई पीढ़ी की पसंद
विनोद श्रीवास्तव, अमृत विचार। देश विदेश में पीतलनगरी के हस्तशिल्प के लिए प्रसिद्ध मुरादाबाद के स्टाइलिश बुर्कों की खाड़ी देशों तक धमक है। यहां के बने बुर्के खाड़ी देशों के रहने वालों की पसंद में शुमार है। यहां के स्टाइलिश बुर्के ठीक उसी डिजाइन और लुक पर बनाए जाते हैं जो दुबई, सऊदी अरब, ईरान, इराक आदि देशों में लोगों के चलन में है। मुरादाबाद मंडल के अलावा बरेली, आगरा, बदायूं, अलीगढ़ के अलावा दूसरे प्रदेश दिल्ली, राजस्थान आदि से भी आर्डर यहां के कारोबारियों के पास आते हैं।
महानगर के गलशहीद क्षेत्र के पक्का बाग में दो दशक से भी अधिक समय से बुर्कों का बाजार सज रहा है। यहां के कारीगरों के हुनर की कद्र भारत ही नहीं ईरान, इराक, दुबई, सऊदी अरब तक है। इस बाजार में देशी-विदेशी स्टाइल के बुर्के मिलते हैं। इसके खरीदार मुरादाबाद मंडल के अलावा आगरा, बरेली, रामपुर, दिल्ली से आते हैं। स्टाइलिश बुर्के की रेंज 1000-5000 तक है। ईद, बकरीद, निकाह के अवसर पर पहनने के लिए हेवी फैब्रिक के बुर्के आज की नई पीढ़ी की पसंद है। भले ही उनकी कीमत अधिक हो। समय और फैशन के दौर के साथ बुर्कों के बाजार को भी विस्तार मिल रहा है। इसकी मांग बढ़ती जा रही है।
मुंबई, सूरत, अहमदाबाद और अलीगढ़ से भी मंगाए जाते हैं कपड़े
पक्का बाग में बनने और बिकने वाले महंगे और नई डिजाइन के बुर्के के कपड़े मुंबई, सूरत, अहमदाबाद और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से मंगाए जाते हैं। इन कपड़ों की क्वालिटी बेहतर होती है। जिसका प्रयोग यहां के कारोबारी करते हैं।
दो दशक पहले हाजी बिशारत ने शुरु किया था कारोबार
पक्का बाग में 15 साल से बुर्कों का कारोबार कर रहे जुबेर खान बताते हैं कि वह खुद डेढ़ दशक से जुड़े हैं। इस कारोबार की शुरुबात यहां पर हाजी बिशारत ने दो दशक से भी अधिक समय पहले की थी। जो आज बढ़कर देश विदेश तक जा पहुंचा है। वह बताते हैं यहां के बुर्के की रेंज 500 रुपये से शुरु होती है। फैब्रिक वर्क के आधार पर इसकी कीमत 3000 और 5000 तक है। जुबेर के अनुसार नई पीढ़ी की पसंद स्टाइलिश और हेबी वर्क वाले बुर्के हैं।
खाड़ी देशों की तर्ज पर स्टाइलिश बुर्के
इलका बुर्का हाउस के मोहम्मद नाजिम ने बताया कि दो दशक से अधिक समय से यह पक्का बाग में बुर्कों का कारोबार रोशन हो रहा है। यहां के बुर्के की डिजाइन खाड़ी देशों की तर्ज पर है। जिससे यहां के लोगों के अजीज जो खाड़ी देशों में रहते हैं उनसे चर्चे सुनकर ईरान, इराक आदि देशों के लोग भी यहां के बुर्के मंगाते हैं और कारीगरी की तारीफ करते हैं। बताया कि साधारण रेंज के बुर्के 600-1200 रुपये के उपलब्ध है। जबकि महंगी रेंज 5000 रुपये तक है। वहीं जुबेर का कहना है कि संभल, अलीगढ़, आगरा, अहमदाबाद से भी इसकी डिमांड अधिक है।
कम कीमत में क्वालिटी का ख्याल
पक्का बाग बाजार में यदि 5000 रुपये की रेंज में स्टाइलिश बुर्के हैं तो कम बजट वालों का भी ख्याल रखा जाता है। 500 से 1000 रुपये की रेंज में क्वालिटी को मेंटेन किया जाता है। हां इस पर फैब्रिक नहीं होता।
ये भी पढ़ें : कल मुरादाबाद आ सकते हैं रेलवे के जीएम, स्टेशन पर सफाई तेज...व्यवस्थाएं दुरुस्त की
