रुद्रपुर: मोबाइल टावर लगाने से जगतपुरा के लोगों में आक्रोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। जगतपुरा वार्ड नंबर 19 में एक मकान की छत के ऊपर मोबाइल टावर लगने से मोहल्ले के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यदि बिना परमीशन के मोबाइल टॉवर लगे तो इसका विरोध किया जाएगा। वहीं लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टावर लगने के कार्य को रोक दिया।

गुरुवार को जगतपुरा के आक्रोशित लोगों ने कहा कि यहां एक विद्यालय है। जहां स्कूली बच्चे पढ़ाई लिखाई करते हैं। मोबाइल टावर लगने से छात्रों पर विपरीत असर पड़ेगा। इसके अलावा वहां रहने वाले लोगों को टॉवर से निकलने वाले रेडिएशन से हमेशा स्वास्थ्य का खतरा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी कंपनी का टावर नहीं लगने दिया जाएगा। वहीं मोहल्ले के लोगों ने स्थानीय पुलिस को भी इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही आवास विकास पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने मोबाइल टॉवर के कार्य को रुकवा दिया।

इसके बाद पुलिस ने मोबाइल टावर लगने की सूचना नगर निगम को दी। जिस पर नगर निगम के कर्मचारी व अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल टॉवर लगाने वाले कर्मचारियों से कहा कि बिना परमिशन के मोबाइल टावर नहीं लगाने दिया जायेगा। इस मौके पर भाजपा महामंत्री राधेश शर्मा, विकास साहनी, नवल सैनी, पंकज भगद, राहुल ठाकुर, शंकर गोदारा, महेंद्र साहनी, सुनीता चौरसिया, गायत्री भगद, मीना सैनी, सुनील पासवान आदि लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार