प्रयागराज: नैनी जेल में प्रेमिका की हत्या के आरोप में बंद प्रेमी की अस्पताल में मौत, एक दिन पहले हुआ था गिरफ्तार

प्रयागराज, अमृत विचार। यूपी के प्रयागराज जिले के मांडा थाना क्षेत्र के मेहाजगीर देवा गांव में अपनी प्रेमिका की हत्या के आरोप में गिरफ्तार युवक की भी आज गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में अस्पताल में मौत हो गई। बुधवार की शाम जब उसे जेल लाया गया था उस दौरान उसकी तबियत खराब थी।
जानकारी के मुताबिक16 सितंबर को मेहाजगीर देवा गांव निवासिनी पुष्पा देवी की लाश उसके कमरे में पाई गई थीं। शरीर पर चोट के निशान मिले थे। मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर ससुरालियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
मृतका के मोबाइल सीडीआर से पुलिस को चौकाने वाले सबूत मिले थे। जिसके बाद आरोपी प्रेमी को पुलिस ने पकड़ कर जानकारी हासिल की थी। जिसके बाद आरोपी नीरज ने बताया था कि कुछ महीने पहले महिला अपने पति के साथ जयपुर गई थी। इस दौरान आरोपी नीरज भी उसके साथ था। जब महिला वापस मेहाजगीर देवा गांव आई तब आरोपी भी गांव चला आया। इस बीच अक्सर वह महिला से मिलने उसके घर जाया करता था।
मृतिका पुष्पा देवी से उसका काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा। घटना वाली रात आरोपी नीरज महिला से मिलने उसके घर आया था। इस दौरान महिला उसे ब्लैकमेल करने लगी और दुष्कर्म में फंसा कर जेल भेजने की धमकी देने लगी। आक्रोश में आकर प्रेमी नीरज ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी।
इंस्पेक्टर सुभाष सिंह यादव का कहना है कि नीरज को फोन के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। उसके मोबाइल में आपत्तिजनक वीडियो भी मिले थे। उसने प्रेमिका की हत्या का जुर्म भी कुबूल कर लिया था। उसे बुधवार की शाम को नैनी सेंट्रल जेल भेज दिया गया था। अचानक उसे क्या हुआ कैसे उसकी तबीयत खराब हुई। इसकी जांच की जा रही है। सूत्रों की माने तो जेल भेजते वक्त भी उसकी तबियत खराब थी। उसने जेल में अधिकारियों से इलाज कराने की बात कही थी।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: बाइक ले जाने का विरोध करने पर सिपाहियों ने किसान को किया मरणासन्न