अल्मोड़ा: घरों और दुकानों के ध्वस्तीकरण के विरोध में प्रदर्शन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। पिथौरागढ़ जिले के रामगंगा घाटी के सबसे बड़े कस्बे मुवानी में शुक्रवार को हाईकोर्ट के ध्वस्तीकरण के आदेश के विरोध में प्रदेश सरकार के खिलाफ ग्रामीणों और व्यापारियों ने नगर में जुलूस निकाला। इस दौरान सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई और धरना भी दिया। व्यापारियों ने विरोध में आधे दिन तक मुवानी बाजार को बंद भी रखा।

शुक्रवार को आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने भी भाग लिया और व्यापारियों के समर्थन में धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर उत्तराखंड के गरीब तबके के लोगों को परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जो लोग छोटे काम धंधे कर के अपना रोजगार चला रहे हैं, उन्हें बेरोजगार करने पर प्रदेश सरकार तुली पड़ी है। उन्होंने कहा कि इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक कि लड़ाई को लड़ने में वह साथ देंगे और किसी भी कीमत पर गरीबों के खिलाफ अत्याचार नहीं होने देंगे। क्षेत्र पंचायत सदस्य कमल दीप ने कहा कि जल्द ही शिष्टमंडल द्वारा जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।

धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलवंत मेहरा, शोभन कार्की, श्याम कार्की, शेर सिंह ओझा, संजय भट्ट, संजय लाल वर्मा, राजू खोलिया, महेंद्र खोलिया, जीवन बोरा, हेम पाल, प्रेम सिंह, कुंदन मनोला, दिगम्बर पाल, दिगम्बर कार्की, नारायण सिंह, राजेंद्र प्रसाद, कैलाश जोशी, सुरेंद्र पुजारा, जानकी खोलिया, नीरू देवी, कौशल्या खनका, रेणु टम्टा, प्रज्ञा टम्टा, रवि मारकुन सहित सैकड़ों ग्रामीण व व्यापारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार