शाहजहांपुर: अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस से भिड़ीं महिलाएं, जमकर हुई हाथापाई

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। पुवायां रोड पर अतिक्रमण हटाने के दौरान विरोध कर रही महिलाएं पुलिस कर्मियों से भिड़ गईं। एक महिला जेसीबी के आगे लेट गई तो दूसरी ने अपने कपड़े फाड़ डाले। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो एक महिला हाथ में केन लेकर आत्मदाह की धमकी देने लगी। महिलाओं की पुलिस कर्मियों के साथ जमकर हाथापाई और झड़प हुई। बाद में किसी तरह महिलाओं को शांत किया गया। 

पुवायां रोड पर कैंट क्षेत्र में डिफेंस स्टेट बरेली की चार एकड़ जमीन है। इस जमीन पर कुछ लोगों ने काफी समय से अतिक्रमण करा रखा था। अतिक्रमणकारियों ने यहां अपने कच्चे मकान बना लिए थे और परिवार के साथ रह रहे थे। अतिक्रमण की जानकारी होने पर बीते दिनों डिफ्रेंस स्टेट की ओर से इन्हें नोटिस देकर जगह खाली करने को कहा गया था। 

इसके बाद भी जगह खाली नहीं की गई। इसके बाद शुक्रवार को डिफेंस स्टेट बरेली के उप मंडल अधिकारी रक्षक संपत्ति राम कुमार, एसडीओ मानवेंद्र सिंह और रिषभ गुप्ता के साथ यहां पहुंचे। इससे पहले ही प्रशासन और पुलिस की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई थी। सेना के जवान, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम दोपहर में यहां पहुंची और लोगों से अपना अतिक्रमण खुद ही हटा लेने के लिए कहा। इस दौरान कुछ लोगों ने अपना अतिक्रमण खुद ही हटाना शुरू कर दिया जबकि यहां मकान बनाकर रहने वालों ने ऐसा नहीं किया। 

इसी बीच मौके पर पहुंची जेसीबी झोपड़ीनूमा कच्चे मकानों को तोड़ने लगी। इससे नाराज महिलाएं एकत्र होकर मौके पर आ गईं और हंगामा करने लगी। महिलाएं अतिक्रमण हटाने का विराध कर रह रही थीं। महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिस कर्मियों से उलझ गईं। दो महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। महिलाएं कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस से उलझने लगीं। एक महिला ने अपने कपड़े फाड़ डाले तो एक महिला जेसीबी के आगे लेट गई। 

पुलिस ने किसी तरह महिला को जेसीबी के सामने से हटाया। इसी बीच एक महिला हाथ में केन लेकर मौके पर आ गई और आत्मदाह करने की धमकी देने लगी। महिला पुलिस कर्मी उसे पकड़ने के लिए दौड़ीं तो वह भाग कर सड़क की ओर चली गई। किसी तरह महिला पुलिस कर्मियों ने सड़क पर पहुंच कर उस पर काबू पाया तो उसने केन दूसरी महिला को दे दी। पुलिस ने दूसरी महिला को भी दबोच लिया। इसके बाद भी महिलाएं लगभग एक घंटे तक विरोध करती रहीं।

बच्चों के सड़क पर आ जाने की दी दुहाई
विरोध कर रही महिलाओं ने बच्चों के सड़क पर आने की दुहाई दी। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से यहां रह रही हैं। उन्हें नहीं पता था कि जमीन किसकी है। खाली जगह देखकर वह बस गईं। अब उनका पूरा परिवार यहां रह रहा है। ऐसे में उन्हें उजाड़ा जा रहा है। अब उनके बच्चे सड़क पर आ जाएंगे। पूरे परिवार को लेकर वह कहां जाएंगी। उनके साथ मानवतापूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए था। इस तरह बलपूर्वक उजाड़ा नहीं जाना चाहिए था। वह स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लेतीं। 

दूसरी ओर कैंट के अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं को कई बार नोटिस दिया गया था कि वह जमीन को खाली कर दें और अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लें, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। मजबूरन उनके खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ी। दूसरी ओर जिन लोगों ने अपना अतिक्रमण खुद ही हटा लिया उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। 

उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुवायां रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। महिलाओं ने कुछ देर तक विरोध किया था, लेकिन बाद में वह शांत हो गईं। अतिक्रमणकारियों के कब्जे से जमीन को छुड़ा लिया गया है।- अनुराग दुबे, नायब तहसीलदार।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: आशाराम के आश्रम के पूर्व चौकीदार ने की थी महिला की हत्या

 

संबंधित समाचार