कानपुर: मुख्यमंत्री योगी से मिलने पहुंचा पीड़ित परिवार, सख्त कार्रवाई की मांग
मृतक के परिजन बोले-लगातार मिल रही धमकियां, सुरक्षा की मांग
कानपुर, अमृत विचार। दवा कारोबारी व भाजपा नेता के बीच हुए गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद को लेकर शनिवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पीड़ित परिवार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचे। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपियों की ओर से लगातार मिल रही धमकियों को लेकर चिंता व्यक्त की साथ ही आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की मांग की।
बीती 23 सितंबर की मध्य रात्रि को जीटी रोड पर सिटी क्लब के सामने पार्षद सौम्या शुक्ला के पति व भाजपा नेता अंकित शुक्ला और उनके समर्थकों की गाड़ी व्यापारी अमोलदीप सिंह की थार से टकरा गई थी। भाजपा नेता अंकित और उनके समर्थक इतना गुस्से में आए कि अमोलदीप को पीटते-पीटते बेदम कर दिया और आंख भी फोड़ दी। व्यापारी की हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में एयर एंबुलेंस से दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल शिफ्ट करना पड़ा था।
इसके बाद भी सत्ता के रसूख के चलते रायपुरवा थाने में आरोपी भाजपा नेता और उसके गुंडों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। सोशल मीडिया पर पूरा मामला वायरल हुआ और सिख संगठन व दवा व्यापारी सड़क पर उतरे तो करीब 30 घंटे बाद रायपुरवा पुलिस ने भाजपा नेता व उसके समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सिख संगठन व दवा कारोबारी एकजुट होकर सड़कों पर उतर आया था, जिसके बाद पुलिस ने भाजपा नेता व उसके साथियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था।
शुक्रवार को भाजपा नेता अंकित शुक्ला व उसके समर्थकों ने सरेंडर कर दिया। भाजपा नेता की पत्नी पार्षद सौम्या शुक्ला की ओर से क्रास रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शनिवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत सिंह छाबड़ा के साथ अमोलदीप के पिता कमलजीत भाटिया, मां बलविंदर कौर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे। मुलाकात के दौरान कमलजीत भाटिया ने मुख्यमंत्री को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
बताया कि आरोपी पक्ष की ओर से लगातार मुकदमा वापस लेने को लेकर धमकी मिल रही है, जिससे परिवार के लोग डरे हुए है। पीड़ित परिवार ने सुरक्षा दिलाए जाने की मांग की। इसके साथ ही आरोपी के सत्ता पक्ष से जुड़े होने के कारण जांच प्रभावित होने का आशंका जाहिर की। अमोल की मां बलविंदर कौर ने रोते हुए आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर व हत्या के प्रयास में कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को आश्वासन देते हुए कहा कि आपके बेटे के साथ जो घटना हुई वह बेहद निंदनीय है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस कमिश्नर को निर्देशित किया गया है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी लड़ाई
शनिवार को कांग्रेस पार्टी का 24 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अमोलदीप के परिजनों से मिलने पहुंचा। अमोलदीप के पिता कमलजीत से मुलाकात के दौरान उत्तर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने कहा कि पूरे मामले को प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय राज को घटना की जानकारी दी गई है। पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी।
कहा कि भाजपा के कई नेता अपने साथियों को बचाने में लगे है, वह चाहते है कि मुकदमा कमजोर हो जाए। कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल से भी मिलकर अपराधियों पर रासुका लगाने की मांग करेगा। प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश महासचिव अंशु तिवारी, अमित पांडे, करिश्मा ठाकुर, भूधर नारायण मिश्रा, नेक चंद पांडे, गणेश दीक्षित, संजीव दरियाबादी,पवन गुप्ता आदि शामिल रहे।
