रुद्रपुर: बेटों की मौत, जमीन छीनने का भय, मीटर बना हत्या का कारण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मनोज आर्या, रुद्रपुर, अमृत विचार। रविवार को रायपुर गांव में हुए गुरविंदर हत्याकांड को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। एक ओर पुलिस हत्यारोपी की इस कहानी को मनगढ़ंत मान रही है। वहीं दूसरी ओर हत्यारोपी के मन में पुश्तैनी जमीन छीनने, जवान बेटों व पत्नी की मौत का जिम्मेदार बड़े भाई के परिवार को ठहराने और बार-बार विद्युत मीटर से कनेक्शन लेना मान रहे हैं। हत्यारोपी के इकबालिया बयान के बाद पुलिस हत्याकांड के वास्तविक कारणों को समझने की कोशिश कर रही है।

सोमवार को खुलासे के वक्त हत्यारोपी सुच्चा सिंह का कहना था कि वर्षों पहले उसकी मां ने साढ़े नौ एकड़ से ज्यादा भूमि उसके नाम की थी। आरोप लगाया कि उसके बड़े भाई ने नौ एकड़ भूमि में से काफी हद तक भूमि पर कब्जा कर लिया था। वहीं हत्यारोपी के मन में दूसरा भय यह था कि उसका कोई बेटा नहीं होने के कारण बड़ा भाई कभी भी उसकी बची हुई जमीन पर कब्जा कर सकता है और तीसरा बहम यह पाले हुए था कि वर्षों पहले उसकी पत्नी और दो जवान बेटों की मौत का जिम्मेदार उसका भाई तारा सिंह ही है। जबकि वास्तविक हकीकत यह है कि हत्यारोपी सुच्चा की पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई थी और उसके बड़े बेटे की मौत अत्यधिक नशीले पदार्थों के सेवन की वजह से हुई थी।

इसके अलावा उसके दूसरे बेटे ने आत्महत्या की थी। इन तीनों मौतों का जिम्मेदार सुच्चा भाई को मानता था। इसके अलावा रविवार को जिस स्थान पर हत्या हुई उस जमीन पर लगा विद्युत पोल भाई की जमीन पर था। मगर खंभे पर लगा मीटर उसके नाम पर था। जो कि विवाद का कारण बन गया। बताया जा रहा है कि बार-बार भतीजों की दबंगई के कारण अक्सर वह विद्युत मीटर से जबरन कनेक्शन जोड़कर खेतों में पानी की पूर्ति करते थे और कई बार इसको लेकर विवाद भी हो गया था। इन सभी रहस्यमय सवालों को लेकर अक्सर हत्यारोपी भाई से द्वेष रखने लगा और रविवार को यही गलत अवधारणा ने गुरविंद्र सिंह को मौत के घाट उतार दिया।

तमंचे व कारतूस को चमकाता था आरोपी

रुद्रपुर। गुरविंदर हत्याकांड के बाद जब कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां का माहौल कुछ अजीबो गरीब नजर आया। हत्यारोपी सुच्चा के पड़ोसियों का कहना था कि अक्सर बुजुर्ग होने के बाद भी सुच्चा छत पर जाकर तमंचे में तेल डालकर साफ करता था और कारतूसों को चमका कर छत पर सुखाने के लिए रखता था। जिसको लेकर कई बार पड़ोसियों ने यह जानने की कोशिश की। वह इन अवैध हथियारों को क्यों चमकाता है तो हत्यारोपी यह कहकर सवालों को टाल देता था कि वक्त आने पर यही मेरा साथ देंगे।

खुद को बचाने का किया सुच्चा ने प्रयास

रुद्रपुर। रविवार को सगे भतीजे गुरविंदर को गोली मारकर हत्या करने के बाद हत्यारोपी सुच्चा बौखला सा गया था। बताया जा रहा है कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी मौके से फरार हो गया और फिर बड़े भाई के नजदीकियों को फोन कर भतीजे की हत्या पर पछतावा दिखाने की कोशिश करने लगा। यहां तक कि उसने अपनी जमीन को भाई के नाम पर करने तक का प्रलोभन दिया। मगर जिस परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया उसने हत्यारोपी के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और मृतक के पिता तारा सिंह ने अपने भाई सुच्चा पर भतीजे की हत्या करने का मुकदमा पंजीकृत करवाकर अपना इरादा साफ कर दिया। जिसके बाद हत्यारोपी ने भागने के प्रयास शुरू कर दिए। मगर भागने से पहले ही गिरफ्तार हो गया।

 

रविवार को दिनदहाड़े हुई गुरविंदर सिंह हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले मौखिक और सर्विलांस की मदद से हत्यारोपी सुच्चा को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस आधुनिक तरीके से भी साक्ष्य और हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि करेगी। ताकि हत्यारोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

-मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी, रुद्रपुर

संबंधित समाचार