हल्द्वानी: टैक्सी ड्राइवर को दिया स्मैक से भरा लिफाफा, पता PWD अल्मोड़ा का...फिर आया कहानी में Twist

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। तस्करी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। पहले सरकारी बस, फिर ट्रेन और टैक्सी के जरिये स्मैक तस्करी के खेल का भंडाफोड़ हुआ है। शातिर लोक निर्माण विभाग के नाम पर स्मैक की खेप हल्द्वानी से अल्मोड़ा भेज रहे थे। शातिर तो हत्थे नहीं चढ़े, लेकिन स्मैक बरामद कर ली गई। 

प्रेम टॉकीज के पास स्थित टैक्सी स्टैंड से अल्मोड़ा और बागेश्वर मार्ग की टैक्सी मिलती हैं। पुलिस के मुताबिक बीते शनिवार की दोपहर एक व्यक्ति पैकेट लेकर एक टैक्सी चालक के पास पहुंचा। पैकेट पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूजी) और एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। युवक ने टैक्सी चालक को पैकेट थमाते हुए कहा कि उक्त पैकेट को अल्मोड़ा पहुंचाना है।

अल्मोड़ा पहुंचने पर वह पैकेट पर लिखे नंबर पर फोन करेगा तो व्यक्ति पैकेट लेने के लिए आ जाएगा। साथ ही यह भी कहाकि पैकेट लेने वाला ही उसे खर्चा देगा। इतना कहकर युवक वहां से चला गया, लेकिन पैकेट को देख कर टैक्सी चालक को शक हो रहा था। उसने पैकेट खोला तो उसके होश फाख्ता हो गए।

पैकेट में स्मैक थी, जिसके बाद उसने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। एसएसआई विजय मेहता ने बताया कि पैकेट पर लिखे शातिर को अल्मोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शातिर ने हल्द्वानी से स्मैक भेजने वाले का नाम भी बता दिया है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

संबंधित समाचार