हल्द्वानी: परिवहन सचिव की अध्यक्षता में बुलाई परिवहन निगम के संयुक्त मोर्चे की बैठक
हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन निगम के कर्मचारी संयुक्त मोर्चे ने मंगलवार से किये जाने वाले धरना प्रदर्शन और कार्यबहिष्कार में आंशिक संशोधन किया है। निगम मुख्यालय ने संयुक्त मोर्चे को पत्र भेजकर 3 अक्टूबर को परिवहन सचिव की अध्यक्षता में बैठक बुलाई है।
दरअसल बीते 26 सितंबर को संयुक्त मोर्चे ने विभिन्न मांगों को लेकर 3-10 अक्टूबर तक चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी थी और इस संबंध में नोटिस भेजा था। सोमवार को आईएसबीटी देहरादून में संयुक्त मोर्चे के संयोजक मंडल की आपात बैठक बुलाई गई। जिसमें 26 सितंबर को भेजे गए नोटिस में उल्लेखित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके बाद संयोजकों ने आंदोलन के प्रारूप में आंशिक संशोधन करते हुए 3 अक्टूबर को किए जाने वाले धरने में केवल सांकेतिक धरना प्रदर्शन करने और कार्यबहिष्कार नहीं करने का निर्णय लिया। यह निर्णय लिया गया कि निगम और कर्मचारियों के हित में शासन या प्रबंधन स्तर पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई तो 4 अक्टूबर को आईएसबीटी देहरादून पर एकदिवसीय कार्यबहिष्कार और धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
जबकि 5 अक्टूबर को हल्द्वानी बस स्टेशन, 6 अक्टूबर को टनकपुर कार्यशाला में और 10 अक्टूबर को देहरादून में परेड ग्राउंड से सचिवालय कूच व 10 की मध्यरात्रि से संपूर्ण कार्यबहिष्कार किया जाएगा। इस संबंध में संयुक्त मोर्चे ने निगम के प्रबंध निदेशक आनंद श्रीवास्तव को पत्र भेजा है।
