प्रतापगढ़ : कालेज प्रशासन की लापरवाही पर सड़क पर उतरे छात्र, सड़क जाम कर पथराव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़, अमृत विचार । भोजन को लेकर आश्रम पद्धति विद्यालय नारायणपुर जेठवारा के बच्चों ने जमकर हंगामा किया। सोमवार देर रात बच्चे सड़क पर उतर कर कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुंडा-जेठवारा मुख्य मार्ग पर जाम कर दिया। इधर-उधर पत्थर भी फेंके गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व अफसर 11 बजे रात तक समझाते रहे।

जेठवारा के नारायणपुर में समाज कल्याण विभाग द्वारा आश्रम पद्धति विद्यालय संचालित किया जा रहा है। सोमवार को भोजन में लापरवाही व देरी को लेकर स्कूल के बच्चों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। रात करीब नौ बजे वह स्कूल से बाहर निकलकर मार्ग पर पहुंच गए और वहां जमकर नारेबाजी करने लगे। बच्चों का आरोप था कि प्रधानाचार्य और शिक्षकों को हटाया जाए तभी वह शांत होंगे। छात्र डीएम, एसपी को बुलाने की जिद कर रहे थे। इंस्पेक्टर जेठवारा अभिषेक सिरोही मयफोर्स मौके पर पहुंचे। बच्चे उनकी सुनने को तैयार नहीं हुए। रात करीब 10:15 बजे एसडीएम लालगंज लालधर यादव भी मौके पर पहुंचे और बच्चों को मनाने का प्रयास किया। बच्चों ने एसडीएम से कहा कि केवल खाने में देरी नहीं हुई है। यहाँ शिक्षक समय से नहीं आये हैं। परीक्षा शुरू होने वाली है, अभी तक सभी किताबें नहीं मिली हैं समेत कई आरोप लगाए। 11 बजे रात तक जाम लगा रहा एसडीएम ने बच्चों से अपनी मांगों को लिखकर देने के लिए कहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि सोमवार की रात में भोजन में थोड़ा विलंब होने के कारण बच्चे नाराज हो कर सड़क पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। ऐसी परेशानी दुबारा न हो, यह ध्यान दिया जाएगा।

बच्चों की समस्याएं हैं, सभी को लिखित लिया गया है। मामले की जांच की जाएगी। लापरवाही मिलने पर सम्बंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
लालधर यादव, एसडीएम लालगंज

यह भी पढ़ें : लोहिया संस्थान : चिकित्सकों, कार्मिकों ने श्रमदान कर बापू को दी स्वच्छांजलि, छात्र भी रहे शामिल

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज