लखनऊ: केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने नशे के खिलाफ की एक और पहल, हॉफ मैराथन का होगा आयोजन
लखनऊ, अमृत विचार। नशामुक्त भारत अभियान के तहत राजधानी लखनऊ में आगामी 19 अक्टूबर को 22 किलोमीटर की नशामुक्त हॉफ मैराथन (पुरुष) का आयोजन किया जायेगा। जिसमें पहले विजेता को 3 लाख, दूसरे को 2 लाख और तीसरे को 1 लाख इनाम दिया जायेगा। इसके अलावा टॉप 3 के बाद 10 विजेताओं को 21000 रुपये, उसके बाद के 10 विजेताओं को 11000 और उसके बाद के 10 विजेताओं को 5100 के प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस बात की जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी।
केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि हमारा देश युवाओं का देश है और आज का युवा जो देश की प्रगति की नींव है वह नशे की तरफ भटक रहा है इसलिए युवाओं को खेल की तरफ जाना चाहिए और अपनी दोस्ती नशा मुक्त दोस्ती रखनी चाहिए जिससे वह भविष्य में किसी प्रकार का नशा ना करें जिससे उनकी प्रतिभा में और भी निखार आये और वह अपने परिवार समाज और देश के लिए अपना सार्थक योगदान दें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को बढ़ाते हुए हम सभी को मिलकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें नशे के खिलाफ जागरूक करना है और उन्हें नशा न करने का संकल्प कराना है।
उन्होंने आगे कहा कि जिसको लेकर आगामी 19 अक्टूबर को सुबह 5:00 बजे नशामुक्त हॉफ मैराथन (पुरुष) का आयोजन किया जा रहा है। यह मैराथन दुबग्गा चौराहा से भिठौली चौराहा होते हुए सीतापुर बाईपास तक 11 किलोमीटर जाना और वापस दुबग्गा चौराहा तक 11 किलोमीटर आना है। इसमें 18 साल के ऊपर के युवा प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान करीब 10 हजार वॉलिंटियर सड़क के दोनों ओर खड़े रहेंगे। साथ ही मेडिकिट, डॉक्टर और सभी प्रकार के इंतजाम का ध्यान रखा गया है। कौशल किशोर ने बताया कि 19 अक्टूबर को ही उनके बेटे आकाश किशोर उर्फ जेबी की शराब के नशे से मौत हो गई थी। जिसकी पुण्यतिथि पर नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए इस मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने प्रदेश भर से युवाओं को इस मैराथन में प्रतिभाग करने की अपील की।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने नशामुक्त हाफ मैराथन के रजिस्ट्रेशन के लिए एक ऐप लॉन्च और एक वेबसाइट लॉन्च की। साथ ही एक टोल फ्री नंबर 18002031220 और नशामुक्त हाफ मैराथन में प्रतिभाग करने और इस अभियान से जुड़ने के लिए मिस्ड कॉल नंबर 8055338897 का शुभारंभ किया।
ये भी पढ़ें -UP में भी उठी बिहार के तर्ज पर जातिवार सर्वेक्षण की गूंज: सपा, बसपा, कांग्रेस और अपना दल ने की ऐसी ही मांग
