बरेली: मीडिया कर्मी ही अफसरों और राजनैतिक लोगों की लगाम थामते हैं
बरेली, अमृत विचार। भाजपा महानगर की ओर से मंगलवार दोपहर जंक्शन रोड के एक होटल में मीडिया संवाद कार्यक्रम कराया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मीडिया ही वह केंद्र बिंदु है, जिससे शहर और जिले में आमजन को हो रही दिक्कतों की जानकारी अफसरों और शहर के जनप्रतिनिधियों तक पहुंचती है।
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि मीडिया कर्मी ही अफसरों और राजनैतिक लोगों की लगाम थामने का कार्य करते हैं। उन्हें समस्यात्मक खबरें छापकर आइना दिखाते रहते हैं। जनप्रतिनिधियों और मीडिया के बीच सामंजस्य जरूरी है, ताकि समस्याएं दूर करने में मदद मिल सके।
विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि महानगर टीम ने मीडिया संवाद की अच्छी शुरूआत की है। वीरेंद्र अटल ने पत्रकार सुरक्षा अधिनियम बनाने और मीडिया कर्मियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के मुद्दे को जनप्रतिनिधियों के मंच पर उठाया। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि यह कार्यक्रम पॉलिटिकल नहीं संवाद है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित बृज क्षेत्र का सम्मेलन जल्द अलीगढ़ में होगा। पार्टी के अन्य कार्यक्रम कराने की भी तैयारी है। अनिल कुमार एडवोकेट ने भी विचार रखे। महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि भाजपा के मीडिया संवाद कार्यक्रम जारी रहेंगे।
संचालन मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर ने किया। पूर्व अध्यक्ष डॉ केएम अरोड़ा, पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंदु शर्मा, गुलशन आनंद, उमेश कठेरिया, मनीष अग्रवाल, देवेंद्र जोशी, विष्णु शर्मा, प्रदीप अग्रवाल, डा तृप्ति गुप्ता, प्रभु दयाल लोधी आदि मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- बरेली: कुतुबखाना के व्यापारियों की सीधी बात, दुकानें नहीं करेंगे बंद...8/16 का दिया फॉर्मूला
