बरेली: दावों तक सिमटी जंक्शन की सुरक्षा, प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर तक नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की मुस्तैदी दावों तक सीमित रह गई है। प्रवेश द्वार से बिना किसी जांच के यात्री अंदर दाखिल हो सकते हैं। स्टेशन के किसी भी प्रवेश द्वार पर आपको मेटल डिटेक्टर नहीं है। वहीं, प्रवेश द्वार पर लाखों रुपये खर्च कर लगाई गया लगेज स्कैनर भी शो-पीस बनकर रह गया है।

जंक्शन पर रोजाना 30 से 35 हजार यात्रियों का आवागमन है। आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि उनके पास एक भी मेटल डिटेक्टर नहीं है। वहीं जीआरपी के पास मेटल डिटेक्टर हैं जरूर, लेकिन स्टेशन पर कहीं नजर नहीं आते। 

जंक्शन पर लगी लगेज स्कैनर मशीन की निगरानी का जिम्मा आरपीएफ का है, मशीन के साथ आरपीएफ का स्टाफ ड्यूटी करता नजर भी आएगा, लेकिन लगेज स्कैनर में सामान ले जाने वाले यात्री बिना किसी रोकटोक प्रवेश कर सकते हैं। यही नहीं द्वितीय प्रवेश द्वार पर भी यही स्थिति है। यहां तो लगेज स्कैनर मशीन भी नहीं। आने-जाने के लिए आरक्षण कार्यालय, जीआरपी थाना, सर्क्युलेटिंग एरिया के पास एस्केलेटर जैसे तमाम रास्ते खुले हैं। यहां से बेरोकटोक बिना किसी जांच के यात्री दाखिल हो सकते हैं।

घुमंतुओं का अड्डा बना जंक्शन
जंक्शन की सुरक्षा पर सबसे बड़ा सवाल यहां रहने वाले घुमंतू परिवार खड़ा करते हैं, आए दिन होने वाली चोरियों के बावजूद इनके जमावड़े को लेकर किसी प्रकार की सख्ती नहीं है। खास बात यह है कि जंक्शन को ही इन्होंने घर बना लिया है। एक तरफ सर्क्युलेटिंग एरिया में यात्री टिकट ले रहे होते हैं, तो दूसरी तरफ इन परिवारों के कपड़े रेलिंग के ऊपर सूखते हैं।

चोरी की घटनाओं से सबक लेकर खड़ी की दीवार
जंक्शन पर पॉवर केबिन के पास रेलवे लाइन पर इज्जतनगर रेल मंडल का विशेष कोच खड़ा होता है। इस कोच के अंदर केबल चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार पांच चोरियों के बाद आरपीएफ की भी नींद उड़ गई। लिहाजा, इंजीनियरिंग विभाग के साथ मिलकर सुरक्षा के आड़े आ रही दीवार को ऊंचा कर दिया गया है, जिसके बाद से चोरियों का सिलसिला थमा है।

जंक्शन पर लगेज स्कैनर मशीन लगी है, जिस पर आरपीएफ का स्टाफ ड्यूटी करता है। मेटल डिटेक्टर स्टेशन पर क्यों नहीं लगा है, इसको दिखवाया जाएगा। जंक्शन की सुरक्षा में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने दी जाएगी।-शन्मुगा वेडिवेल एस, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ

ये भी पढे़ं- बरेली: जुलूस में डीजे प्रतिबंधित करने वाली कमेटी के अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी

 

संबंधित समाचार