Kanpur News: बुखार के मरीजों में मिल रहा आर्थ्राल्जिया का रोग, मेडिसिन व हड्डी के डॉक्टर ने चेक की रिपोर्ट, पढ़ें- पूरी खबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में बुखार के मरीजों में मिल रहा आर्थ्राल्जिया का रोग।

कानपुर में बुखार के मरीजों में आर्थ्राल्जिया का रोग मिल रहा। मेडिसिन व हड्डी के डॉक्टर ने रिपोर्ट चेक की। हड्डियों व जोड़ की यह समस्या भविष्य के लिए घातक हो सकती है।

कानपुर, [विकास कुमार]। बुखार से ठीक होने के एक या दो महीने बाद भी लोगों में जोड़ों का दर्द बना हुआ है। बुखार की वजह से हो रहे दर्द को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने डायग्नोस किया है, जिनमें आर्थ्राल्जिया का रोग समाने आया है। 

शहर से लेकर गांव तक अधिकांश लोग वायरल बुखार की चपेट में हैं। बुखार की वजह से लोगों के शरीर व जोड़ों में काफी दर्द हो रहा है, जिनमें बच्चे व युवा भी शामिल हैं। इसके साथ ही गले में दर्द, जुकाम व खांसी की समस्या से भी लोग काफी ग्रस्त हैं। इस बुखार में खास बात यह है कि लोगों का बुखार 10 से 15 दिन में तो उतर रहा है, लेकिन ठीक होने के बाद भी जोड़ों में दर्द महीने व दो महीने बाद तक नहीं जा रहा है।

इस पर डॉक्टरों ने वायरल बुखार से ग्रस्त हो चुके 390 मरीजों का नए सिरे से चिकनगुनिया व डेंगू का टेस्ट कराया, जो निगेटिव निकला। लेकिन खून जांच, सीआरपी व एक्सरे करने पर चौंका देने वाले मामले सामने आए हैं। रिपोर्ट में 39 मरीजों में गठिया और बाकी के जोड़ों में सूजन मिली है। डॉक्टरों का मानना है कि ऐसा इसलिए हुआ कि वायरल से लड़ने में शरीर के इम्यून सिस्टम ने ही जोड़ों में अंदरूनी सूजन पैदा की।

वहीं, कुछ पुराने केस में पता चला कि झोलाछापों और बिना किसी डॉक्टर के सलाह के बार-बार पेन किलर और कांबीनेशन ड्रग थेरेपी ने जोड़ों में सूजन कम नहीं की। रिपोर्ट के मुताबिक वायरल ग्रस्त 390 मरीजों में छह से 12 हफ्ते तक आर्थ्राल्जिया के लक्षण मिले हैं। 

जोड़ हिलाना मुश्किल तो समझो आर्थ्राल्जिया 

हड्डी के डॉ.रवि गर्ग के मुताबिक हड्डियों के जोड़ पर होने वाली तकलीफ जो हल्की से इतनी गंभीर हो सकती है कि तकलीफ वाला हिस्सा हिलाना भी मुश्किल हो जाए तो आर्थ्रोल्जिया रोग कहा होता है। इसमें मोच, चोट, गठिया जैसी कई बीमारियां शामिल हैं। ऐसे में फिजियोथेरेपी की मदद लेनी चाहिए। विटामिन-डी युक्त आहार को लेने से दर्द में राहत मिल सकती है। साथ ही जोड़ों का दर्द दूर करने के लिए हीटिंग पैड का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। 

छह से 12 सप्ताह तक रहता यह विकार

मेडिसिन विभाग के प्रो. एसके गौतम ने बताया कि इस बार वायरल में लोगों के जोड़ों में लंबे समय तक दर्द की समस्या हो रही है। बुखार ठीक होने के बाद कई मरीज दोबारा दिखाने आ रहे हैं, जिनको यह समस्या है। संशय की स्थिति है और वह गठिया समझ कर आ रहे हैं। आर्थ्राल्जिया का विकार छह से 12 हफ्ते तक रह सकता है। वहीं ज्यादातर में स्वप्रतिरक्षा तंत्र में भी गड़बड़ी मिली है।

संबंधित समाचार