रोस्टर व्यवस्था को समाप्त कर 24 घंटे दी जाएगी बिजली: ऊर्जा मंत्री
नेवाजगंज में पारेषण केंद्र का किया शिलान्यास
रायबरेली, अमृत विचार। नेवाजगंज में बुधवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने 132/133 केवीए क्षमता के पारेषण केंद्र का शिलान्यास किया। इस पारेषण केंद्र के बनने से महराजगंज के साथ बछरावां, शिवगढ़ और अमेठी को बिजली की आपूर्ति हो सकेगी। साथ ही बिजली की दिक्कत दूर होगी।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने कहा कि रोस्टर व्यवस्था को खत्म करने के लिए बिजली व्यवस्था में सुधार हो रहे हैं। जल्द ही रोस्टर व्यवस्था को खत्म कर 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होगी। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि नेवाज गंज में बनने वाला यह प्रदेश का 41 वां सबस्टेशन है।

आरडीएसएस योजना के तहत जर्जर हो चुकी पुरानी बिजली लाइनों में सुधार कार्य प्रगति पर है। अब तक 17 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली आरडीएसएस योजना से प्रदेश भर में 1 लाख जर्जर खम्भे बदले गए हैं। 6 हजार किलोमीटर लम्बी बिजली लाइनों के तार बदले गए हैं। 650 फीडर बदले गए हैं। जिससे अब बिजली आपूर्ति में सुधार हो रहा है।
इसके अलावा ऊर्जा विभाग द्वारा 5 हज़ार करोड़ रुपए के बजट की अलग से व्यवस्था की गई है। जिसमें सब स्टेशनों के अंतर्गत छोटे-छोटे फाल्ट जैसे डिस्क, इंसुलेटर, लाइनों की सफाई आदि कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम से पूर्व ऊर्जा मंत्री का उद्यान राज्य मंत्री ने स्वागत किया। वहीं हवन-पूजन के बाद पारेषण केंद्र का शिलान्यास किया गया। यह केंद्र 40 करोड़ की लागत से बन रहा है।
ये भी पढ़ें -इमरान मसूद फिर थामेंगे कांग्रेस का दामन, इस दिन हो सकते हैं पार्टी में शामिल
