बाराबंकी: अगले माह ग्राउंड सेरेमनी, 1200 करोड़ होगा निवेश, व्यापार को मिलेगी गति
बाराबंकी, अमृत विचार। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को लेकर सरकार की ओर से ग्राउंड चेकिंग शुरू हो गई है। 161 कंपनियां जिले में निवेश करेंगी। इनमें से 76 कंपनियों का सत्यापन पूरा हो चुका है। शेष पर काम चल रहा है। वहीं कुछ कंपनियों का निर्माण भी शुरू हो चुका है। जिले में लगने वाले उद्यम पर करीब 1200 करोड़ रूपये निवेश हो रहा है। इससे हजारों को लोगों को जहां रोजगार मिलेगा वहीं व्यापार को गति भी मिलेगी।
उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में 293 उद्यमियों ने 13 हजार 585.92 करोड़ का निवेश समझौता किया था। इसमें से तीन हजार 585 करोड़ रुपये की लागत से 161 कंपनियों का निर्माण शुरू हो गया है। जिसमें से 75 कंपनियों का सत्यापन के बाद उनका निर्माण पूर्ण भी तेजी से चल रहा है। इस समय ग्राउंड चेकिंग चल रही है, जिसमें पूर्ण कंपनियों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है, ताकि शासन स्तर पर निवेश करने वाली कंपनियों की स्थिति जानी जा सके।
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में इनका उद्घाटन होगा। करीब नौ हजार लोगों को एक साथ रोजगार देने का अवसर मिलेगा। सेरेमनी अगले माह नवंबर में होनी तय मानी जा रही है। जिला उद्यमी मित्र रहमान अंसारी के अनुसार जिले में 161 कंपनियों में सत्यापन के बाद 75 कंपनियां पूर्ण हों चुकी हैं। अन्य सूचीबद्ध कंपनियों का सत्यापन किया जा रहा है।
उद्योग पार्क के रूप में विकसित होगा जिला निवेशकों का सत्यापन संबंधित 21 विभागों की ओर से किया गया है। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में तीन हजार 585 करोड़ से अधिक की लागत से इकाइयां स्थापित होंगी। भूमि पूजन की तैयारियां चल रही हैं। जिले में जो उद्यम लग रहे हैं उनमें मशरूम यूनिट, दवाइयां बनाने के लिए केमिकल तैयार होगा। केमिकल को यूपी से बाहर भी भेजा जाएगा। जूता बनाने की कंपनी तैयार हो रही है। यह देवा रोड पर बनाई जा रही है।
राइस मिल, कोल्ड स्टोरेज के साथ ही बायोगैस, इलेक्ट्रानिक वाहन के उपकरण, खाद, दवाएं, बायोडीजल, कपड़ा, ग्लूकोज का निर्माण होगा। इसके अलावा ग्रीन सिटी, औद्योगिक पार्क, माल, रिजार्ट, डेयरी, हैंडलूम की यूनिटें स्थापित हो रही हैं। मत्स्य दाना की फैक्ट्री लग रही है। शराब भी जिले में बनेगी। नर्सिंग होम, मेडिकल कालेज, ग्रीन सिटी, मल्टीस्टोरी माल बन रहे हैं, जो लगभग पूरे हो चुके हैं। औद्योगिक पार्क के रूप में जिला विकसित होगा। आशुतोष श्रीवास्तव, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र।
यह भी पढ़ें:-इलाहाबाद हाईकोर्ट: रिजवान सोलंकी के मामले में जिला अदालत द्वारा अंतिम निर्णय लेने पर लगाई रोक
