हरदोई: हाल-चाल लेने पहुंची मां-बहन को बंधक बना कर पीटा, पुलिस ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। शादी के बाद दहेज की मांग करते हुए शारीरिक और मानसिक प्रताड़ित करने की बात सुन कर बेटी का हाल-चाल लेने उसकी ससुराल पहुंची मां और बहन को वहां बंधक बना लिया गया, इतना ही नहीं उनकी पिटाई भी कर दी। मामला टड़ियावां थाने के जिगनिया खुर्द का बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया गया है कि कोतवाली देहात के नयागांव मुबारक पुर निवासी अज़मत की पत्नी फूल जहां ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसने इसी साल 9 जून को अपनी बेटी की शादी जिगिनिया खुर्द निवासी नसीम के पुत्र नज़ीम के साथ की थी। शादी के बाद ससुराल वाले दहेज़ के लिए उसकी बेटी को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ित करने लगे। 

फूल जहां ने आगे बताया कि इसका पता होने पर वह बुधवार को बड़ी बेटी हाशमी पत्नी सलमान और कुछ रिश्तेदारों के साथ जिगिनिया खुर्द पहुंची, जहां पर उसका दामाद नज़ीम गाली-गलौज करने लगा। उसी बीच उसके पिता नसीम ने कुछ गांव वालों की मदद से दरवाज़े बंद कर बंधक बना लिया और पिटाई कर दी। जिससे उसकी बड़ी बेटी हाशमी को काफी चोंटे पहुंची। 

टड़ियावां पुलिस ने दी गई तहरीर पर पति नज़ीम, ससुर नसीम, सास मदीना और देवर छोटा के खिलाफ धारा 498-ए/323 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3/4 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच एसआई संतोष कुमार को सौंपी गई है। एसआई श्री कुमार ने जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:-इलाहाबाद हाईकोर्ट: रिजवान सोलंकी के मामले में जिला अदालत द्वारा अंतिम निर्णय लेने पर लगाई रोक

संबंधित समाचार