प्रतापगढ़: अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज- '14 में जो आए थे वो 24 में चले जाएंगे'
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज गुरुवार को प्रतापगढ़ पहुंचे जहां उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तार को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर हमला बोलते हुए कहा कि जो भी इनके खिलाफ बोलता है सरकार उसे गिरफ्तार कर लेती है।
इसके साथ ही उन्होंने दावा करते हुए कहा कि बीजेपी जिस यूपी से आई थी वहीं यूपी अब उन्हें सत्ता से हटाने का काम करेगी, जनता ने अब परिवर्तन का मन बना लिया है। अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते कहा कि घोसी की जनता ने बीजेपी को हराया है। जनता बीजेपी के खिलाफ है, जिससे बीजेपी डरी हुई है। उन्होंने कहा, "14 में जो आए थे वो 24 में चले जाएंगे। यूपी से आए थे, यूपी से ही बाहर चले जाएंगे। इंडिया के साथ-साथ एनडीए को पीडीए हराने का काम करेगा।"
संजय सिंह को लेकर सरकार पर निशाना
सपा अध्यक्ष ने कहा कि "मुझे इस बात का दुख है जो सरकार के खिलाफ हैं.. उसे गिरफ्तार कर लो, राजनेता है उन्हें गिरफ्तार कर लो, पत्रकार हैं उन्हें गिरफ्तार कर लो। एक ही दिन में पत्रकारों की भी गिरफ्तारी हुई और फिर आप नेता संजय सिंह को भी ईडी ने गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें:-इलाहाबाद हाईकोर्ट: रिजवान सोलंकी के मामले में जिला अदालत द्वारा अंतिम निर्णय लेने पर लगाई रोक
