हल्द्वानी: मरीज को लेकर आपस में भिड़ीं दो आशा वर्कर्स
हल्द्वानी, अमृत विचार। एक मरीज को लेकर दो आशा वर्कर्स में कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों हाथापाई पर उतारू हो गईं। पीआरडी जवानों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया और मामला शांत कराया।
घटना राजकीय महिला अस्पताल की है। यहां गुरुवार को दोपहर एक बजे पुरानी ओपीडी कक्ष के बाहर दो आशा वर्कर्स में मरीज को लेकर बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि एक आशा ने दूसरी आशा पर हाथ उठा दिया। जिसके बाद दोनों एक-दूसरे को मारने पर आमादा हो गईं।
हंगामा होता देख अस्पताल में तैनात पीआरडी जवान मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। बाद में एक आशा को मौके से भेज दिया गया। जिसके बाद मामला शांत हुआ।
24 घंटे में हुआ दूसरा विवाद
महिला अस्पताल में पिछले 24 घंटे में दूसरा विवाद हो गया। बीते बुधवार को एक परिवार में नवजात को लेकर कहासुनी व मारपीट हो गई थी। वहीं गुरुवार को दो आशा वर्कर्स मरीज को लेकर आपस में भीड़ गईं।
